enewsmp.com
Home क्राइम चीतल के अवैध शिकार का आरोपी गिरफ्तार, मझौली न्यायालय से जेल भेजा गया

चीतल के अवैध शिकार का आरोपी गिरफ्तार, मझौली न्यायालय से जेल भेजा गया

कुसमी(ईन्यूज एमपी)-सीधी जिले में वन्यजीव संरक्षण को लेकर वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चीतल के अवैध शिकार के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

सहायक संचालक वन, कुसमी के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में परिक्षेत्र सहायक कुसमी एवं वन अमले ने बीट खरसोती क्षेत्र में जंगली जानवर चीतल का अवैध शिकार करने वाले आरोपी को पकड़ने में सफलता प्राप्त की। वन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी करीब छह माह से फरार था।

सूत्रों से प्राप्त सूचना के आधार पर वनकर्मियों ने घेराबंदी कर आरोपी **रामनरेश पटवा पिता रामचरण पटवा (उम्र 41 वर्ष), निवासी बंजारी** को गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 2(1), 9, 20, 27, 29, 31, 35, 39 एवं 51(सी) के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।

वन विभाग द्वारा आरोपी को 20 दिसंबर को सुबह 7 बजे गिरफ्तार कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुसमी में चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया, जिसके पश्चात उसे मझौली न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय द्वारा जेल वारंट जारी किए जाने के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में परिक्षेत्र सहायक कुसमी साधूलाल सिंह, बीट गार्ड माच महुआ, बंसलाल सिंह, जगनारायण सिंह, नीरज सोलंकी सहित वन विभाग के अन्य कर्मचारियों की भूमिका सराहनीय रही।

Share:

Leave a Comment