सीधी(ईन्यूज एमपी)-नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे ‘अभियान प्रहार 2.0’ के तहत सीधी पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव एवं उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) श्री अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना जमोड़ी पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ गांजे की तस्करी कर रहे एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी जमोड़ी उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से भारी मात्रा में गांजा लेकर बिक्री के लिए ग्राम गाड़ाखोह की ओर जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल घेराबंदी की और ग्राम गाड़ाखोह चौराहे के पास संदिग्ध को रोककर तलाशी ली। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम यज्ञ सेन कुशवाहा पिता रामशरण कुशवाहा निवासी उपनी, थाना कोतवाली बताया। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद झोले से 3 किलो 10 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। साथ ही तस्करी में प्रयुक्त होंडा डिलक्स मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। पुलिस ने बताया कि जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 45 हजार रुपये तथा मोटरसाइकिल की कीमत लगभग 45 हजार रुपये है। इस प्रकार कुल जब्त मशरूका की कीमत करीब 90 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(बी) के तहत थाना जमोड़ी में प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया है। वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी गांजा कहां से लेकर आया था और इसे कहां खपाने की योजना थी। मामले से जुड़े अन्य तस्करों की तलाश भी की जा रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, सहायक उप निरीक्षक गोविंदलाल साकेत, प्रधान आरक्षक आशीष, राम खेलावन, राजपति, प्रधान आरक्षक चालक अशोक बहरोलिया, आरक्षक अंकित बघेल एवं महिला आरक्षक कृति त्रिपाठी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।