उप मुख्यमंत्री ने बसामन मामा में किसान एवं सहकारिता सम्मेलन की तैयारियों का लिया जायजा रीवा(ईन्यूज एमपी)-उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने बसामन मामा गौअभ्यारण्य में 25 दिसंबर को आयोजित होने वाले प्राकृतिक खेती मॉडल के लोकार्पण एवं किसान एवं सहकारिता सम्मेलन की तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल, पार्किंग व्यवस्था, नवनिर्मित भोजनशाला, गौशाला, मंदिर परिसर तथा प्राकृतिक खेती से जुड़े विभिन्न प्रकल्पों का अवलोकन किया। उप मुख्यमंत्री ने गौअभ्यारण्य के प्रशासनिक भवन परिसर में आयोजित समीक्षा बैठक में सम्मेलन की तैयारियों की विस्तृत जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 25 दिसंबर को केन्द्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह बसामन मामा गौअभ्यारण्य का दौरा करेंगे, जो सेमरिया क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने बताया कि केन्द्रीय गृह मंत्री किसान एवं सहकारिता सम्मेलन के दौरान विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे तथा एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। साथ ही वे गौअभ्यारण्य का भ्रमण कर गौवंश संरक्षण एवं सेवा के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी लेंगे। उप मुख्यमंत्री ने बताया कि इस अवसर पर गौअभ्यारण्य में विकसित प्राकृतिक एवं जैविक खेती के मॉडल का लोकार्पण भी किया जाएगा। इस मॉडल के अंतर्गत जैविक विधि से उगाए गए पौधों, जैवविविधता से जुड़े 60 प्रकार के बीजों तथा 12 प्रकार के जैविक खाद एवं कीटनाशकों का प्रदर्शन किया जाएगा। उप मुख्यमंत्री ने मंच व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, वाहन पार्किंग, साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती सपना त्रिपाठी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मेहताब सिंह गुर्जर एवं एसडीएम सिरमौर श्रीमती दृष्टि जायसवाल ने सम्मेलन की तैयारियों की जानकारी दी। गौअभ्यारण्य प्रबंधन समिति के सचिव एवं सेवानिवृत्त उप संचालक पशुपालन डॉ. राजेश मिश्रा ने गौअभ्यारण्य में संचालित गतिविधियों का विवरण प्रस्तुत किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, पूर्व विधायक श्री केपी त्रिपाठी, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री वीरेन्द्र कुमार गुप्ता, श्री राजेश पाण्डेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के पश्चात उप मुख्यमंत्री ने बसामन मामा तीर्थ में दर्शन कर पूजा-अर्चना भी की।