रीवा(ईन्यूज एमपी)-रीवा–प्रयागराज नेशनल हाईवे-30 पर गढ़ बायपास के पास बीती रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। घने कोहरे के कारण सड़क किनारे खड़े एक खराब ट्रक में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर चालक दिनेश रावत (39 वर्ष) ट्रक के केबिन और स्टीयरिंग के बीच बुरी तरह फंस गया। जानकारी के अनुसार संबंधित ट्रक शाम करीब 6 बजे खराब हो गया था, जिसके बाद चालक ने उसे सड़क किनारे खड़ा कर दिया। रात करीब 2 बजे जब ट्रेलर वहां से गुजर रहा था, उस समय क्षेत्र में अत्यधिक घना कोहरा छाया हुआ था। दृश्यता कम होने के कारण ट्रेलर चालक को सामने खड़ा ट्रक दिखाई नहीं दिया और वह सीधे उससे टकरा गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही गढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची। चालक केबिन में बुरी तरह फंसा हुआ था, जिसे निकालना बेहद मुश्किल हो रहा था। इसके बाद मध्यप्रदेश रोड डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (MPRDC) से सहायता लेकर कटर मशीन मंगवाई गई। करीब पांच घंटे से अधिक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सुबह लगभग 7 बजे कटर की मदद से ट्रक के केबिन को काटकर चालक दिनेश रावत को बाहर निकाला जा सका। चालक को तत्काल एंबुलेंस से शासकीय संजय गांधी अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर बनी हुई है। स्थानीय ग्रामीणों ने हाईवे पर खराब वाहनों को समय पर न हटाए जाने पर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि चेतावनी संकेत और सुरक्षा इंतजामों की कमी के कारण इस मार्ग पर आए दिन हादसे होते रहते हैं। पुलिस की प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण घना कोहरा और कम दृश्यता माना जा रहा है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि खड़े ट्रक पर सुरक्षा संकेतक लगाए गए थे या नहीं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। यह हादसा एक बार फिर कोहरे के मौसम में वाहन चालकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की चेतावनी देता है।