सिंगरौली(ईन्यूज एमपी)- जिले में कोल माफियाओं के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी छापेमार कार्रवाई करते हुए हड़कंप मचा दिया है। कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश पर परिवहन विभाग और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने एनसीएल की झिंगुरदा कोयला खदान के आसपास दिन के उजाले में सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान अवैध कोयला परिवहन में लगे कुल 17 वाहनों को जब्त किया गया है। संयुक्त कार्रवाई में आरटीओ विक्रम सिंह राठौर और जिला खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल के नेतृत्व में टीम ने आठ हाइवा (टेलर) पकड़े, जिनमें अवैध कोयला लदा हुआ था। जांच के दौरान इन वाहनों के पास ट्रांजिट पास (टीपी) सहित कोई वैध दस्तावेज नहीं पाए गए। इसके अलावा नौ अन्य वाहन भी बिना किसी वैध कागजात के पकड़े गए। सभी 17 वाहनों को जब्त कर थाना मोरबा परिसर में खड़ा कराया गया है। बताया जा रहा है कि झिंगुरदा क्षेत्र में कोयला लोड भारी वाहनों की ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार और कोयले की धूल से स्थानीय ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। दो दिन पहले एक ग्रामीण को टेलर द्वारा टक्कर मारने की घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश बढ़ गया था। इसी के चलते प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए यह कार्रवाई की। कार्रवाई करीब 10 घंटे तक चली, जिससे अवैध कोयला परिवहन से जुड़े लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कार्रवाई की खबर मिलते ही कई कोल माफियाओं के वाहन इलाके से गायब हो गए। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के समय भी बड़े पैमाने पर अवैध कोयला परिवहन होता है, जिस पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की जा रही है। जिला खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल ने बताया कि अवैध कोयला परिवहन के खिलाफ आगे भी लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।