enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश नगर निगम में स्वच्छता पर सख्ती, लापरवाही पर आयुक्त ने जताई नाराजगी, कारण बताओ नोटिस के निर्देश

नगर निगम में स्वच्छता पर सख्ती, लापरवाही पर आयुक्त ने जताई नाराजगी, कारण बताओ नोटिस के निर्देश

सिंगरौली(ईन्यूज एमपी)- नगर निगम सिंगरौली की आयुक्त सविता प्रधान ने बुधवार सुबह स्वच्छता विभाग की समीक्षा बैठक लेकर शहर की साफ-सफाई व्यवस्था, शिकायतों के निराकरण और फील्ड स्तर पर चल रहे कार्यों की गहन समीक्षा की। बैठक में स्वच्छता संबंधी शिकायतों के निराकरण में लापरवाही सामने आने पर आयुक्त ने कचरा प्रबंधन का कार्य कर रही एजेंसी सीटाडेल के प्रबंधन और संबंधित स्वच्छता निरीक्षक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

समीक्षा के दौरान पाया गया कि कई वार्डों में स्वच्छता से जुड़ी शिकायतों का समय-सीमा में समाधान नहीं किया गया है। इस पर आयुक्त ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित समय में शिकायतों का निराकरण नहीं हुआ तो जिम्मेदार अधिकारियों और एजेंसी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

आयुक्त ने शहर के सभी सार्वजनिक शौचालयों का तत्काल निरीक्षण कर आवश्यक सुधार कार्य कराने के निर्देश दिए। साथ ही स्वच्छता कार्यों के लिए आवश्यक संसाधनों की पूर्ति हेतु मांग पत्र तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा गया।

बैठक में रैन बसेरा, सार्वजनिक शौचालय, सड़क डिवाइडर सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों की नियमित साफ-सफाई, रंगाई-पुताई और समुचित रख-रखाव सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। आयुक्त ने कहा कि शहर के सार्वजनिक स्थल स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित दिखने चाहिए।

स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पॉलिथीन प्रतिबंध को सख्ती से लागू करने तथा प्रत्येक दुकान पर सूखा और गीला कचरा अलग-अलग रखने के लिए दो डस्टबिन अनिवार्य करने हेतु विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

वार्डवार सफाई व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने गलियों और नालियों की नियमित सफाई के साथ-साथ मच्छरों और बीमारियों की रोकथाम के लिए नियमित रूप से कीटनाशक दवाओं के छिड़काव के निर्देश भी दिए।

शहर की स्वच्छता की वास्तविक स्थिति जानने के लिए आयुक्त ने अधिकारियों और स्वास्थ्य अमले को फील्ड में जाकर निरीक्षण करने, नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित करने और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इस समीक्षा बैठक में कार्यपालन यंत्री संतोष पाण्डेय, डिप्टी कमिश्नर आरपी बैस, सहायक आयुक्त ज्योति सिंह, स्वास्थ्य अधिकारी बीएल चतुर्वेदी सहित स्वच्छता विभाग के अधिकारी एवं निरीक्षक उपस्थित रहे।

Share:

Leave a Comment