enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश देवसर बाजार में दर्दनाक हादसा, ट्रक ने युवक को कुचला

देवसर बाजार में दर्दनाक हादसा, ट्रक ने युवक को कुचला

मौत के बाद आक्रोश, एनएच-39 पर तीन घंटे चक्का जाम

सिंगरौली(ईन्यूज एमपी)- जिले के देवसर बाजार क्षेत्र में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने जियावन थाना के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग-39 पर चक्का जाम कर दिया, जिससे करीब तीन घंटे तक यातायात पूरी तरह ठप रहा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सोमवार रात देवसर बाजार क्षेत्र में खड़ौरा निवासी वैद्य शुक्ला सड़क पर मौजूद थे, तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हादसा इतना भयावह था कि युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और न्याय की मांग को लेकर सड़क पर बैठ गए।

चक्का जाम के दौरान क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। सूचना मिलने पर जियावन थाना प्रभारी, एसडीओपी चितरंगी एवं सरई थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए मौके पर एसडीएम और तहसीलदार भी पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि देवसर बाजार क्षेत्र में यातायात बाधित करने वाले अतिक्रमण को तीन दिनों के भीतर हटाने की कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों के आश्वासन के बाद देर रात धीरे-धीरे चक्का जाम समाप्त कराया गया और यातायात बहाल हुआ।

इसी दौरान सिहावल विधायक भी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को निर्देश दिए कि दो दिनों के भीतर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि बाजार क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण हो सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

घटना के बाद देवसर बाजार क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोग लगातार सड़क सुरक्षा और अतिक्रमण हटाने की मांग कर रहे हैं।

Share:

Leave a Comment