सिंगरौली(ईन्यूज एमपी)- जिले के चितरंगी तहसील क्षेत्र अंतर्गत झरकटा पहाड़ सड़क मार्ग पर सोमवार देर रात बड़ा सड़क हादसा हो गया। उत्तर प्रदेश से श्रमिकों को उनके घर छोड़ने आ रही एक पिकअप वाहन पहाड़ी मोड़ पर अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चार मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना सोमवार रात करीब एक बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन में सवार मजदूर काम से लौट रहे थे। झरकटा पहाड़ के मोड़ पर वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क से नीचे पलट गया। हादसे में मृतकों में तीन मजदूर बगडेवा गांव के निवासी थे, जबकि एक मृतक सीमावर्ती उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के जुगैल क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। मृतकों की पहचान शीलू (32), अमरपाल बैगा (36), लाल कुमार (35) और सूरज लाल बैगा (31) के रूप में हुई है। हादसे में घायल संतोष कुमार, अमरेश कुमार पटेल और नन्हकू केवट की हालत गंभीर बताई जा रही है। तीनों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चितरंगी में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही नौडिहवा चौकी प्रभारी मनोज सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और पहाड़ी मोड़ पर वाहन का नियंत्रण खोना दुर्घटना का कारण माना जा रहा है।