मऊगंज(ईन्यूज एमपी)-शाहपुर थाना क्षेत्र के गोरमा नदी के पास बुधवार शाम महावीरन पब्लिक स्कूल का ओवरलोडेड स्कूल ऑटो पलट गया। बताया गया कि ऑटो में क्षमता से कई गुना अधिक करीब 35 बच्चे सवार थे। हादसे में 10 बच्चे घायल हुए, जिनमें से दो की हालत गंभीर है। सभी घायलों को हनुमना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल दो बच्चों को रीवा रेफर किया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ऑटो तेज रफ्तार में था और अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। हादसे के समय ऑटो में बच्चों के साथ अंडों की खेप भी लदी थी। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चों को बाहर निकाला और बोलेरो सहित अन्य वाहनों से अस्पताल पहुंचाया। हादसे के बाद ऑटो चालक मौके से फरार हो गया। घटना के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने गोरमा मार्ग पर लगभग एक घंटे तक चक्काजाम किया। परिजनों ने आरोप लगाया कि ऑटो चालक नशे में था तथा स्कूल प्रबंधन बच्चों को आए दिन ओवरलोडेड ऑटो में भेजता है। इसके बावजूद स्कूल प्रबंधक घटना स्थल पर नहीं पहुंचे, जिससे नाराजगी और बढ़ गई। लोगों ने स्कूल प्रबंधन और चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। टटिहरा निवासी निलेश पांडे एवं अन्य अभिभावकों ने बताया कि एक ऑटो में 35 से अधिक बच्चों को बैठाने की शिकायत पहले भी की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने सभी निजी स्कूलों के वाहनों की जांच का अभियान चलाने की मांग की है। पुलिस ने पलटे हुए ऑटो और उसमें लदे अंडों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शाहपुर थाना प्रभारी अजय खोबरागड़े ने बताया कि हादसे में 6 से 10 बच्चों के घायल होने की जानकारी सामने आई है, जिनमें दो की हालत गंभीर है। ड्राइवर फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।