enewsmp.com
Home क्राइम जंगल में युवक का शव पेड़ से लटका मिला; हत्या की आशंका पर ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

जंगल में युवक का शव पेड़ से लटका मिला; हत्या की आशंका पर ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

रीवा(ईन्यूज एमपी)- सेमरिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत अकौनी जंगल में मंगलवार सुबह एक 21 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटकता मिला। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। परिजनों ने इसे आत्महत्या मानने से इनकार करते हुए हत्या का मामला बताया और बिरसिंहपुर–सेमरिया मुख्य मार्ग पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया।

घटनास्थल पर उमड़ी भीड़, हत्या की आशंका पर हंगामा

सुबह युवक का शव मिलने की जानकारी मिलते ही परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण जंगल में पहुंच गए। उन्होंने युवक की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई। करीब साढ़े 8 बजे ग्रामीणों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए शव मुख्य मार्ग पर रख दिया, जिसके कारण आवागमन बाधित हो गया। लोगों ने कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को मौके पर बुलाने और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।

भारी पुलिस बल तैनात, एक युवक हिरासत में

चक्काजाम की सूचना पर पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल लगाया गया। पुलिस ने परिजनों के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए एक युवक को संदिग्ध मानकर हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है।

करीब डेढ़ घंटे तक चले हंगामे के बाद अधिकारियों के आश्वासन पर ग्रामीण शांत हुए और सुबह करीब 10 बजे जाम हटा लिया गया।

एसडीओपी ने कहा— मामला संदिग्ध, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

एसडीओपी सिरमौर अनुभाग उमेश प्रजापति ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगा। उन्होंने कहा कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है, हालांकि ग्रामीणों में नाराजगी बनी हुई है।

Share:

Leave a Comment