सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म के गंभीर मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 10-10 हजार के इनामी मुख्य आरोपी और एक विधि के प्रतिकूल बालक को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन में की गई। जमोड़ी थाना प्रभारी उप निरीक्षक दिव्य प्रकाश त्रिपाठी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने लगातार तकनीकी और मानवीय खुफिया जानकारी एकत्र कर आरोपियों का पीछा किया। पहले भोपाल में दबिश दी गई, इसके बाद गुजरात में संभावित ठिकानों की तलाश की गई। अंततः दोनों आरोपियों को इंदौर और गुजरात से हिरासत में लिया गया। कार्रवाई में प्रधान आरक्षक अवनीश सिंह, आरक्षक केपी सिंह और आरक्षक कृष्ण मुरारी द्विवेदी का विशेष योगदान रहा। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी ने कहा कि यह सफलता पुलिस की प्रतिबद्धता और टीम की तकनीकी दक्षता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आरोपी चाहे जहां भी छिपें, सीधी पुलिस उन्हें खोज निकालेगी। गिरफ्तार मुख्य आरोपी और बाल अपचारी को कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए क्रमशः न्यायालय और बाल न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया गया है।