रीवा(ईन्यूज एमपी)- महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश और उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में लोकायुक्त संगठन रीवा ने शुक्रवार को एक सफल ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई में हल्का बरेही, तहसील रायपुर कर्चुलियान के पटवारी नवीन गुप्ता को पांच सौ रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ पकड़ा गया। शिकायतकर्ता राजेश कुमार यादव, निवासी ग्राम महसुआ द्वारा 4 दिसंबर को लोकायुक्त कार्यालय में आवेदन देकर बताया गया था कि उन्होंने अपनी पत्नी के नाम भूमि खरीदी है, जिसका नामांतरण कराने के बदले पटवारी नवीन गुप्ता द्वारा दो हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त प्रवीण सिंह परिहार ने सत्यापन कराया, जिसमें मांग सत्य पाई गई। इसके बाद 6 दिसंबर को टीम गठित कर कृष्णाकुंज कॉलोनी स्थित आरोपी पटवारी के घर पर ट्रैप कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान नवीन गुप्ता शिकायतकर्ता से पांच सौ रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा गया। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988, संशोधन 2018 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। ट्रैप टीम में निरीक्षक उपेंद्र दुबे, प्रभारी पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह परिहार सहित स्वतंत्र शासकीय गवाह और अन्य दल सदस्य शामिल रहे। लोकायुक्त संगठन के अनुसार प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। लोकायुक्त रीवा ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत मांगता है तो तत्काल मोबाइल नंबर 98936-07619 पर संपर्क करें।