शहडोल(ईन्यूज एमपी)- ब्यौहारी थाना क्षेत्र स्थित सीधी रोड पर शुक्रवार तड़के एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराया। हादसे में वाहन में सवार आठ लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। जानकारी के अनुसार सुबह करीब 4 बजे बोलेरो ब्यौहारी से सीधी की ओर जा रही थी। रास्ते में चालक को अचानक झपकी आ गई, जिससे वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे खड़े पेड़ से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और अंदर बैठे यात्री उछलकर इधर-उधर गिर पड़े। घटना के बाद राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। ब्यौहारी थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से अस्पताल भेजा। प्राथमिक उपचार के बाद कुछ घायलों को गंभीर स्थिति में रेफर किया गया है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाया और यातायात बहाल किया। प्रारंभिक जांच में झपकी को दुर्घटना का कारण माना गया है। पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है।