सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मझौली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने सफेद स्विफ्ट डिजायर कार से 4.965 किलोग्राम गांजा, नशीली कफ सिरप की 18 शीशियां और वाहन सहित कुल 8,51,691 रुपये का मशरुका जब्त किया है। हालांकि वाहन में सवार तस्कर मौके से फरार हो गए। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव और एसडीओपी चुरहट/कुसमी आशुतोष द्विवेदी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई का नेतृत्व थाना प्रभारी मझौली उपनिरीक्षक विशाल शर्मा ने किया। मुखबिर से मिली थी जानकारी थाना प्रभारी को सूचना मिली थी कि कुछ लोग शहडोल की ओर से स्विफ्ट डिजायर कार में नशीली कफ सिरप और गांजा लेकर मझौली आ रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन संदिग्ध वाहन तेज रफ्तार में भाग निकला। पीछा करते हुए पुलिस करमाई के जंगल तक पहुंची, जहां कार लावारिस हालत में छिपाकर छोड़ दी गई थी। वाहन से मिला यह सामान तलाशी में कार से 4.965 किलोग्राम गांजा जिसकी कीमत करीब 2,48,250 रुपये है, तथा नशीली कफ सिरप की 18 शीशियां जिनकी कीमत 3,441 रुपये आंकी गई है, बरामद की गईं। इसके अलावा परिवहन में प्रयुक्त स्विफ्ट डिजायर कार की अनुमानित कीमत छह लाख रुपये बताई गई है। कुल जब्त मशरुका का मूल्य 8,51,691 रुपये आंका गया है। आरोपी फरार, तलाश जारी पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से भाग निकले। उनके विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट और ड्रग्स कंट्रोल अधिनियम की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। इनकी रही प्रमुख भूमिका कार्रवाई में थाना प्रभारी मझौली उपनिरीक्षक विशाल शर्मा, उपनिरीक्षक पी.एल. टांडिया और हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।