सतना(ईन्यूज एमपी)- भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए लोकायुक्त संगठन रीवा ने बुधवार को एक बड़ी ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया। लोकायुक्त महानिदेशक योगेश देशमुख के निर्देश और उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर विभाग, निवारक शाखा सतना के निरीक्षक कुमार सौरभ को 20 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया गया। फर्म पर पेनल्टी न लगाने के एवज में मांगी थी रिश्वत शिकायतकर्ता वीरेंद्र कुमार शर्मा निवासी राजेंद्र नगर, सतना ने 29 नवंबर को लोकायुक्त रीवा में आवेदन दिया था कि ‘कैलाशराज ट्रैक्टर्स’ फर्म के ई-वे बिल पर पेनल्टी न लगाने और छापा न डालने के बदले में निरीक्षक कुमार सौरभ 60 हजार रुपए रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायत का सत्यापन प्रभारी पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह परिहार के मार्गदर्शन में कराया गया, जिसमें मांग सही पाई गई। कार्यालय में ही पकड़ा गया अधिकारी इसके बाद 3 दिसंबर को लोकायुक्त रीवा की टीम ने जाल बिछाकर सतना स्थित केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर विभाग कार्यालय में निरीक्षक सौरभ को शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपए लेते हुए धर-दबोचा। घटना के बाद विभाग और जिले में हड़कंप मच गया। यह रही टीम ट्रैप कार्रवाई निरीक्षक संदीप सिंह भदौरिया के नेतृत्व में की गई। टीम में निरीक्षक उपेंद्र दुबे, उपनिरीक्षक आकांक्षा शुक्ला, आरक्षक मुकेश मिश्रा, पवन पांडे, शाहिद खान, लवलेश पांडे, सुभाष, विजय और मनोज शामिल रहे। लोकायुक्त की अपील लोकायुक्त रीवा ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो इसकी जानकारी तुरंत 98936 07619 नंबर पर दें।