सिंगरौली(ईन्यूज एमपी)- मध्यप्रदेश विधानसभा में मंगलवार को पेश किए गए अनुपूरक बजट में जिले को बड़े स्तर पर सौगात मिली है। सिंगरौली जिले की दो महत्वपूर्ण सड़कों के फोरलेन निर्माण के लिए कुल 284 करोड़ रुपए की स्वीकृति प्रदान की गई है। इसमें परसौना से माड़ा तक 25 किलोमीटर सड़क के लिए 145 करोड़ रुपए तथा परसौना से बरगवां तक 27 किलोमीटर सड़क के लिए 139 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। सड़क हादसों में आएगी कमी दोनों ही सड़कें दुर्घटना की दृष्टि से संवेदनशील मानी जाती थीं। फोरलेन बनने के बाद इन मार्गों पर वाहनों की आवाजाही सुगम होगी और हादसों की संख्या में कमी आने की उम्मीद है। लंबे समय से क्षेत्रवासियों द्वारा इन सड़कों के चौड़ीकरण की मांग की जा रही थी। विधायक रामनिवास शाह की पहल सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह ने 4 जनवरी 2024 को मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर आठ प्रमुख विकास कार्यों की मांग की थी। उन्हीं में से दो सड़क परियोजनाओं को बजट में शामिल कर राशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार लगातार जिले में विकास कार्यों को बढ़ावा दे रही है। हवाई पट्टी अपग्रेड होने की प्रक्रिया विधायक शाह ने यह भी कहा कि सिंगरौलिया हवाई पट्टी को हवाई अड्डे में अपग्रेड करने की प्रक्रिया जारी है। इससे क्षेत्र को बेहतर एयर कनेक्टिविटी मिलेगी और उद्योगों व आम नागरिकों को सुविधा होगी। ग्रामीण क्षेत्रों के प्रस्ताव भी लंबित उन्होंने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास कार्यों के कई प्रस्ताव सरकार के समक्ष लंबित हैं, जिन्हें आने वाले समय में मंजूरी मिलने की उम्मीद है। विधायक ने इसके लिए प्रदेश सरकार का आभार व्यक्त किया।