enewsmp.com
Home क्राइम गाड़ी में हवा भराते रह गई पुलिस,तीन आरोपी हथकड़ी समेत फरार

गाड़ी में हवा भराते रह गई पुलिस,तीन आरोपी हथकड़ी समेत फरार

मैहर (ईन्यूज एमपी)-लूट के तीन आरोपियों को कोर्ट पेशी के बाद जेल ले जा रही पुलिस की लापरवाही एक बड़ी घटना में बदल गई। न्यायालय से लौटते समय पुलिसकर्मी सरकारी वाहन में हवा भरवाने लगे, इसी बीच हथकड़ी लगे तीनों आरोपी मौके का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटना सामने आते ही जिलेभर के पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तुरंत सभी एग्जिट पॉइंट पर नाकाबंदी कर दी गई।

हथकड़ी लगे ही फरार हुए आरोपी
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर कोर्ट पेशी से लौटते समय मैहर पुलिस वाहन के टायर में हवा भरवा रही थी। इसी दौरान आरोपियों ने पुलिस की लापरवाही का फायदा उठाते हुए दौड़ लगा दी और कुछ ही मिनटों में पुलिस की गिरफ्त से बाहर हो गए।
सूत्रों के मुताबिक, तीन में से दो आरोपियों को बाद में पकड़ लिया गया है, जबकि एक अभी भी फरार बताया जा रहा है। हालांकि पुलिस ने इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।

पति-पत्नी के साथ की थी लूट, आरोपी थे कुख्यात
फरार आरोपी उसी मामले के हैं, जिसमें कुछ दिन पहले मोटरसाइकिल से जा रहे पति-पत्नी के साथ लूट की वारदात हुई थी। मैहर पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया था। वे कुख्यात अपराधी बताए जाते हैं, जिन पर पहले भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

बड़ी लापरवाही, पुलिसकर्मी सवालों के घेरे में
जिस समय आरोपी फरार हुए, उसी समय पुलिसकर्मी वाहन के टायर में हवा डलवाने में व्यस्त थे। इस दौरान आरोपियों की निगरानी में स्पष्ट लापरवाही सामने आई है। मामले पर उच्च अधिकारियों ने घटना की रिपोर्ट तलब की है और संबंधित पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

जिलेभर में नाकाबंदी, तलाश जारी
फरार आरोपी की खोज के लिए जिले की सभी सीमाओं पर नाकाबंदी कर दी गई है। जंगल क्षेत्रों, हाईवे, रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड पर पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस टीम आरोपियों के संभावित ठिकानों पर भी दबिश दे रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा और लापरवाही के दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Share:

Leave a Comment