enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश लालच का फल बुरा?दो आरक्षक हुए निलंबित

लालच का फल बुरा?दो आरक्षक हुए निलंबित

शहडोल(ईन्यूज एमपी)-पुलिस की वर्दी को फिर शर्मसार करने वाला मामला शहडोल में सामने आया है। कोतवाली में पदस्थ दो आरक्षकों ने एक युवक-युवती का आपत्तिजनक वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल किया और लगभग 3 लाख रुपए वसूल लिए। शिकायत मिलने पर पुलिस अधीक्षक ने दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, आरक्षक पप्पू यादव और आलोक मिंज पांडवनगर बीट पर तैनात थे। करीब एक सप्ताह पहले उन्हें सूचना मिली थी कि पड़ोसी जिले का एक युवक किराए के मकान में एक युवती के साथ रह रहा है। दोनों आरक्षक मौके पर पहुंचे और युवक-युवती को आपत्तिजनक हालत में देखकर अपने मोबाइल से वीडियो बना लिया।

इसके बाद दोनों ने वीडियो वायरल करने और मामला दर्ज करने की धमकी देकर युवक से 3 लाख रुपए की मांग की। डर के कारण युवक ने अपने परिचितों से रकम मंगवाकर उन्हें सौंप दी। लेकिन युवक के परिचितों को अचानक पैसों की जरूरत का कारण संदेहास्पद लगा, जिसके बाद उन्होंने युवक को उच्च अधिकारियों से शिकायत करने की सलाह दी।

पीड़ित युवक ने साक्ष्यों सहित पूरे मामले की शिकायत पुलिस अधीक्षक रामजी श्रीवास्तव से की। एसपी ने शिकायत गंभीर पाते हुए आरक्षकों को बुलाया और पूछताछ की। पहले तो दोनों ने अनभिज्ञता जताई, लेकिन सबूत सामने आने पर उन्होंने ब्लैकमेल कर रुपए लेने की बात स्वीकार कर ली।

घटना को गंभीर मानते हुए एसपी ने शुक्रवार रात दोनों आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही विभागीय जांच के आदेश भी जारी कर दिए गए हैं। पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले में दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और पीड़ित को न्याय दिलाया जाएगा।

Share:

Leave a Comment