सिंगरौली(ईन्यूज एमपी)-भारत सरकार की मिनीरत्न कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) का 41वां स्थापना दिवस शुक्रवार को मुख्यालय समेत सभी परियोजनाओं और इकाइयों में धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुख्यालय स्थित पंजरेह प्रांगण में भव्य कार्यक्रम आयोजित किए गए। स्थापना दिवस समारोह की शुरुआत एनसीएल के सीएमडी श्री बी. साईराम द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुई। बाद में खनिक प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रम शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में एनसीएल के पूर्व और वर्तमान नेतृत्वकर्ता बड़ी संख्या में मौजूद रहे। कार्यक्रम में पूर्व सीएमडी श्री ए. के. दास, श्री एस. वी. चाओजी, सुश्री शांतिलता साहू, श्री टी. के. नाग, श्री बी. आर. रेड्डी और श्री पी. के. सिन्हा सहित निदेशक (मानव संसाधन) श्री मनीष कुमार, निदेशक (वित्त) श्री रजनीश नारायण, निदेशक (तकनीकी/संचालन) श्री सुनील प्रसाद सिंह, निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना) श्री आशुतोष द्विवेदी तथा मुख्य सतर्कता अधिकारी श्री अजय कुमार जायसवाल मौजूद रहे। इसके अलावा विभिन्न श्रमिक संघों के प्रतिनिधि व मुख्यालय के अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित थे। स्थापना दिवस पर पूर्व नेतृत्वकर्ताओं के साथ संवाद सत्र भी आयोजित किया गया, जिसमें उन्होंने एनसीएल के उत्पादन, प्रेषण, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक जिम्मेदारी, कर्मचारी विकास, डिजिटल नवाचार और सतत विकास जैसे क्षेत्रों में हुई प्रगति की सराहना की। साथ ही कंपनी के उज्ज्वल भविष्य हेतु महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। गौरतलब है कि केंद्रीय समारोह शाम को सिंगरौली स्टेडियम में आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।