enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश चार दिन से लापता रिटायर्ड शिक्षक का शव रिहंद डैम में मिला, आत्महत्या की आशंका

चार दिन से लापता रिटायर्ड शिक्षक का शव रिहंद डैम में मिला, आत्महत्या की आशंका

सिंगरौली(ईन्यूज एमपी)- बैढ़न थाना क्षेत्र में चार दिन से लापता 65 वर्षीय रिटायर्ड शिक्षक भुवनेश्वर प्रसाद पांडे का शव शनिवार सुबह रिहंद डैम में मिला। शव घर से करीब 20 किलोमीटर दूर मिलने के कारण मामला संदिग्ध माना जा रहा है। पुलिस ने प्रारंभिक तौर पर आत्महत्या की आशंका जताई है, हालांकि मामले की जांच सभी पहलुओं से जारी है।

परिजनों ने 19 नवंबर को भुवनेश्वर प्रसाद की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसके बाद खुटार चौकी पुलिस उनकी तलाश में जुटी थी। चौकी प्रभारी शीतला यादव के अनुसार, 21 नवंबर को मृतक के जूते विंध्यनगर क्षेत्र में मिले थे। जूते मिलने के बाद पुलिस ने रिहंद डैम क्षेत्र में तलाशी तेज कर दी थी।

शनिवार सुबह डैम में एक शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया गया। पहचान होने के बाद परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ घटनास्थल पर उमड़ पड़ी।

परिजनों ने बताया कि भुवनेश्वर प्रसाद पिछले दो वर्षों से डिप्रेशन का इलाज करा रहे थे और भोपाल के एक मनोचिकित्सक से नियमित दवाएं ले रहे थे। पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि मानसिक स्थिति के कारण उन्होंने आत्महत्या की हो, या मौत किसी अन्य कारण से हुई है।

शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस आत्महत्या, दुर्घटना और किसी अप्रिय घटना—सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है।

Share:

Leave a Comment