enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश पटवारी और सर्वेयर रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए, लोकायुक्त रीवा की ट्रैप कार्रवाई सफल

पटवारी और सर्वेयर रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़े गए, लोकायुक्त रीवा की ट्रैप कार्रवाई सफल

रीवा(ईन्यूज एमपी)-भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए लोकायुक्त संगठन रीवा ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई की। महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश और उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में रीवा लोकायुक्त टीम ने पटवारी और सर्वेयर को 4800 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

यह कार्रवाई ग्राम बड़ोखर में राघवेंद्र सिंह ठाकुर के घर के सामने की गई। टीम का नेतृत्व निरीक्षक एस. राम मरावी ने किया, जबकि उप पुलिस अधीक्षक प्रवीण सिंह परिहार सहित 12 सदस्यीय दल इस अभियान में शामिल रहा।

जमीन का नामांतरण कराने मांग रहे थे रिश्वत

शिकायतकर्ता राजेंद्र साहू, निवासी ग्राम बड़ोखर ने लोकायुक्त में शिकायत दर्ज कराई थी कि उन्होंने अपनी पत्नी श्यामवती साहू के नाम 0.091 हेक्टेयर भूमि खरीदी थी। इस भूमि का नक्शा तरमीम और नामांतरण कराने के लिए पटवारी हंसराज पटेल 6000 रुपये की रिश्वत मांग रहा था।

लोकायुक्त टीम ने शिकायत का सत्यापन कराया, जिसमें यह पाया गया कि पटवारी हंसराज पटेल और सर्वेयर आशुतोष त्रिपाठी दोनों मिलकर 4800 रुपये की रिश्वत मांग रहे हैं। सत्यापन सही पाए जाने के बाद टीम ने ट्रैप योजना बनाई।

रंगे हाथों पकड़े गए आरोपी

शुक्रवार को ट्रैप दल ने दोनों आरोपियों को शिकायतकर्ता से रिश्वत की राशि लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। मौके से नकदी और अन्य साक्ष्य जब्त किए गए। दोनों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

लोकायुक्त की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मचा हुआ है और भ्रष्टाचार पर सख्त रोकथाम के संकेत दिए गए हैं।

Share:

Leave a Comment