enewsmp.com
Home क्राइम रंजिश में महिला बीएलओ समेत चार पर कुल्हाड़ी से हमला, गंभीर हालत में रीवा रेफर

रंजिश में महिला बीएलओ समेत चार पर कुल्हाड़ी से हमला, गंभीर हालत में रीवा रेफर

सीधी (ईन्यूज एमपी)-रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां रंजिश के चलते एक महिला बीएलओ सहित चार लोगों पर कुल्हाड़ी से हमला कर घायल कर दिया गया। सभी घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया है।

घटना रात करीब 10 से 11 बजे के बीच की है। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों—रामजी गौतम, राजेंद्र गौतम और संतोष शुक्ला—के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।

दो महीने की रंजिश में हुआ हमला

पीड़ित रामायण प्रसाद शुक्ला ने बताया कि दो महीने पहले रामजी गौतम अपनी पत्नी के साथ मारपीट कर रहा था, जिस पर उन्होंने बीच-बचाव कर महिला को बचाया था और घटना की शिकायत थाने में भी की थी। तभी से आरोपी परिवार रंजिश पाले हुए था।

गुरुवार रात इसी रंजिश का बदला लेने आरोपी घर में घुस आए और अचानक कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। हमले में विजय शंकर शुक्ला, रामदयाल शुक्ला और महिला बीएलओ शशिकला शुक्ला गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के समय शशिकला अपने बीएलओ कार्य से संबंधित ऑनलाइन फॉर्म भर रही थीं।

घायल गंभीर, सभी रेफर

हमले के बाद घायलों को आनन-फानन में जिला अस्पताल सीधी ले जाया गया, जहां गंभीर हालत देखते हुए सभी को रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर कर दिया गया।

प्रशासन सक्रिय, दूसरे बीएलओ की नियुक्ति

रामपुर नैकिन के तहसीलदार आशीष मिश्रा ने पुष्टि की कि शशिकला शुक्ला बीएलओ के रूप में कार्यरत हैं। घटना के समय वे ड्यूटी पर थीं या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। एसआईआर कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए दूसरे बीएलओ की नियुक्ति कर दी गई है।

पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए सक्रिय है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Share:

Leave a Comment