enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश रीवा में वन विभाग की टीम पर हमला, वनकर्मी को कमरे में बंद कर बनाया बंधक

रीवा में वन विभाग की टीम पर हमला, वनकर्मी को कमरे में बंद कर बनाया बंधक

रीवा(ईन्यूज एमपी)- जिले के पनवार थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत कल्याणपुर स्थित हरिजनपुरवा में गुरुवार को वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। जंगली सूअर का अवैध शिकार रोकने पहुँची टीम पर भीड़ ने अचानक धावा बोल दिया। इस दौरान वनरक्षक अंशुमान साकेत को ग्रामीणों ने कमरे में बंद कर बंधक बना लिया और मोबाइल में दर्ज वीडियो व फोटो जबरन डिलीट करा दिए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और वनकर्मी को सुरक्षित बाहर निकाला।

जानकारी के अनुसार वन विभाग की टीम अवैध शिकार के आरोपी रमाकांत कोल को पकड़कर पूछताछ कर रही थी। इसी दौरान करीब आधा दर्जन ग्रामीण मौके पर पहुँचे और टीम से विवाद करने लगे। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और ग्रामीणों ने धक्का-मुक्की के बाद मारपीट शुरू कर दी।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वन विभाग की टीम घरों में घुसकर महिलाओं से बहस कर रही थी और गाली-गलौज की गई। ग्रामीणों का कहना था कि असली शिकारी भाग गए और आदिवासी परिवारों पर झूठा आरोप लगाकर उन्हें फंसाने की कोशिश की जा रही है।

मारपीट के दौरान वनरक्षक हरीशंकर पाल भी घायल हो गए। वनरक्षक अंशुमान साकेत द्वारा बनाए गए वीडियो के कारण ही उन्हें बंधक बनाया गया था। हालात बिगड़ने पर पनवार पुलिस मौके पर पहुँची। पुलिस को देखते ही भीड़ छिटक गई और कमरे में बंद वनरक्षक को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

वन विभाग ने आरोपी रमाकांत कोल के खिलाफ वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की और उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया। पनवार थाना प्रभारी प्रवीण उपाध्याय ने बताया कि वन अमले पर हमला, बंधक बनाने और मारपीट करने का प्रकरण दर्ज किया गया है। घटना का मुख्य आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।

Share:

Leave a Comment