enewsmp.com
Home सियासत कांग्रेस में ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति पर घमासान, 12 पदों पर रोक

कांग्रेस में ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति पर घमासान, 12 पदों पर रोक

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- कांग्रेस में ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति को लेकर आंतरिक खींचतान तेज हो गई है। जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के सात दिन बीत जाने के बाद भी पार्टी ब्लॉक स्तर पर नई नियुक्तियां घोषित नहीं कर सकी है। इस देरी से संगठन में नाराज़गी और खींचतान खुलकर सामने आ रही है।

सूत्रों के अनुसार पार्टी ने फिलहाल 12 ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्ति पर रोक लगा दी है। स्थानीय स्तर पर नेताओं के बीच समन्वय न हो पाने को इसकी मुख्य वजह बताया जा रहा है। कई जिलों में जिस नाम पर सहमति बनाई जा रही है, वहीं दूसरी तरफ स्थानीय नेताओं के विरोध के चलते सूची अटक रही है।

इस मुद्दे पर सबसे अधिक चर्चा मंदसौर, खंडवा, सीधी और सतना जिलों में हो रही है, जहाँ ब्लॉक अध्यक्षों के चयन के लिए कई गुट सक्रिय हैं और प्रत्येक गुट अपने-अपने समर्थित नामों को आगे बढ़ाने की कोशिश में लगा है।

वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि संगठन भविष्य में संभावित चुनावी रणनीति को ध्यान में रखते हुए ऐसी नियुक्तियां करना चाहता है जो स्थानीय स्तर पर पार्टी को मजबूत कर सके। इसी कारण किसी भी ब्लॉक में नियुक्ति जल्दबाज़ी में नहीं की जा रही है।

सूत्रों के मुताबिक सूची तैयार है, लेकिन अंतिम सहमति बनते ही इसका ऐलान किया जाएगा।

Share:

Leave a Comment