मक्का से मदीना जा रही बस डीजल टैंकर से टकराई, आग लगने से ज्यादातर यात्री जिंदा जले रियाद/नई दिल्ली(ईन्यूज एमपी)- सऊदी अरब में सोमवार देर रात मक्का से मदीना जा रही एक बस के डीजल टैंकर से टकराने के बाद भीषण आग लग गई। हादसे में 45 भारतीयों की मौत हो गई, जिनमें 18 महिलाएं, 17 पुरुष और 10 बच्चे शामिल बताए गए हैं। जानकारी के अनुसार बस में सवार लोगों में से केवल ड्राइवर ही जिंदा बचा है। घटना भारतीय समयानुसार रात करीब 1:30 बजे मुहरास इलाके के पास हुई, जो मदीना से लगभग 25 किलोमीटर दूर है। हैदराबाद पुलिस के अनुसार 9 नवंबर को हैदराबाद से 54 लोग उमरा के लिए सऊदी अरब गए थे। इनमें से 46 यात्री दुर्घटनाग्रस्त बस में सवार थे। चार लोग एक दिन पहले कार से मदीना गए थे, जबकि चार यात्री मक्का में ही रुक गए थे। हादसे के समय अधिकांश यात्री सो रहे थे और उन्हें बचने का कोई मौका नहीं मिला। मृतकों में बड़ी संख्या तेलंगाना के लोगों की बताई जा रही है। मृतकों में बाराज़ 12 भारतीयों की पहचान की पुष्टि हो चुकी है— इनमें अब्दुल मोहम्मद, मोहम्मद मौलाना, सोहेल मोहम्मद, मस्तान मोहम्मद, परवीन बेगम, जकिया बेगम, शौकत बेगम, फरहीन बेगम, जहीन बेगम, मोहम्मद मंजूर, मोहम्मद अली और गौसिया बेगम शामिल हैं। तेलंगाना सरकार ने बनाया कंट्रोल रूम तेलंगाना सरकार ने कहा है कि वह रियाद स्थित भारतीय दूतावास के संपर्क में है। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने दिल्ली में तैनात अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे दूतावास के साथ मिलकर पीड़ितों की पहचान, दस्तावेजी प्रक्रिया और अन्य जरूरी औपचारिकताओं में सहायता करें। राज्य सरकार ने हेल्पलाइन नंबर — 79979-59754 और 99129-195451 जारी किए हैं। भारतीय दूतावास ने 24x7 हेल्पलाइन जारी की जेद्दा स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास ने 24 घंटे संचालित होने वाली हेल्पलाइन संख्या 8002440003 जारी की है। दूतावास ने पीड़ितों के परिजनों से कहा है कि वे जानकारी के लिए इस नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। ओवैसी ने सरकार से शवों को जल्द भारत लाने की मांग की हैदराबाद के सांसद असदुद्दीन ओवैसी ने इस हादसे को अत्यंत दुखद बताते हुए केंद्र सरकार और विदेश मंत्री जयशंकर से अपील की है कि मृतकों के शव जल्द से जल्द भारत लाए जाएं और घायलों को हर संभव उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने बताया कि उन्होंने रियाद स्थित दूतावास के अधिकारियों और टूर एजेंसियों से संपर्क कर जानकारी साझा की है। प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री ने दुख जताया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे को दुखद बताया और कहा कि रियाद में भारतीय वाणिज्य दूतावास पीड़ितों और उनके परिवारों को आवश्यक मदद प्रदान कर रहा है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने भी घटना पर गहरा सदमा व्यक्त किया और कहा कि दूतावास पीड़ित परिवारों के साथ लगातार संपर्क में है। एक ही परिवार के सात सदस्य मारे गए हैदराबाद के मोहम्मद तहसीन ने बताया कि उनके परिवार के सात सदस्यों की इस दुर्घटना में मौत हो गई है। उन्होंने केंद्र सरकार से आग्रह किया कि शवों को जल्द भारत लाया जाए। सऊदी प्रशासन दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रहा है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि बस टैंकर में टक्कर के बाद कुछ ही सेकंड में आग की चपेट में आ गई, जिससे यात्रियों को निकलने का मौका नहीं मिल पाया।