रीवा:(ईन्यूज एमपी)-रीवा से उत्तरप्रदेश जा रही एक यूपी रोडवेज बस शनिवार देर रात हादसे का शिकार हो गई। सोहागी थाना क्षेत्र में बस ने सामने चल रहे ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस में सवार 8 यात्रियों को हल्की चोटें आईं। घटना के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि राहत की बात यह रही कि सभी घायल खतरे से बाहर हैं। सूचना मिलते ही सोहागी थाना प्रभारी पवन शुक्ला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत घायलों को त्योंथर सिविल अस्पताल और चाकघाट अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। चालक की लापरवाही से हुआ हादसा प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा बस चालक की लापरवाही के कारण हुआ। बस की रफ्तार अपेक्षाकृत कम होने के कारण बड़ा हादसा टल गया। टक्कर लगते ही बस का आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और शीशे टूटकर बिखर गए। थाना प्रभारी पवन शुक्ला ने बताया कि बस और ट्रक दोनों एक ही दिशा में जा रहे थे। बस चालक ने दूरी का अनुमान नहीं लगाया और पीछे से ट्रक में टक्कर मार दी। सभी यात्रियों की स्थिति सामान्य है और बस को क्रेन की मदद से सड़क से हटाया गया। स्थानीय प्रशासन ने यातायात बहाल कराया हादसे के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर जाम की स्थिति बन गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहनों को हटवाया और यातायात सुचारू किया। फिलहाल घटना की जांच जारी है।