भोपाल(ईन्यूज एमपी)- कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आज पचमढ़ी पहुंचेंगे। वे यहां पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और जिलाध्यक्षों से मुलाकात करेंगे। दो दिवसीय प्रवास के दौरान वे कांग्रेस संगठन को मजबूती देने और आगामी रणनीति पर चर्चा करेंगे। राहुल गांधी पचमढ़ी के रविशंकर भवन में मध्यप्रदेश कांग्रेस के चुनिंदा नेताओं से मिलेंगे। इसके बाद वे होटल हाईलैंड में आयोजित जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में एक सत्र को संबोधित करेंगे। इस कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव सहित पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि राहुल गांधी प्रशिक्षण शिविर में संगठनात्मक संरचना, जनसंपर्क और आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी को लेकर चर्चा करेंगे। कांग्रेस के जिलाध्यक्षों के लिए जारी निर्देशों में कहा गया था कि वे अपने साथ जरूरी दवाइयां, गर्म कपड़े, स्वेटर और टोपी लेकर आएं, क्योंकि पचमढ़ी का मौसम इस समय ठंडा बना हुआ है। राहुल गांधी का यह दौरा मध्यप्रदेश कांग्रेस के लिए रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वे रविवार को पचमढ़ी से दिल्ली लौटेंगे।