enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी सवार दादी-नाती को मारी टक्कर, दादी की मौत — ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी सवार दादी-नाती को मारी टक्कर, दादी की मौत — ग्रामीणों ने किया सड़क जाम

सिंगरौली(ईन्यूज एमपी)- माड़ा थाना क्षेत्र के गढ़ा खाड़ गांव के पास शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी सवार दादी-नाती को टक्कर मार दी। हादसे में 65 वर्षीय सुखदेवी शाह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका नाती रमेश शाह गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना सुबह लगभग 11.30 बजे की है, जब दोनों इलाज के लिए अस्पताल जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों सड़क पर गिर पड़े। राहगीरों ने तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां रमेश शाह की हालत गंभीर बनी हुई है।



ग्रामीणों ने जताया आक्रोश, सड़क जाम कर किया प्रदर्शन

हादसे के बाद गढ़ा खाड़ गांव के लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कोयला परिवहन करने वाले भारी वाहनों की तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी के कारण क्षेत्र में लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है।

प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने आरोपी ट्रेलर चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की और कहा कि जब तक आरोपी नहीं पकड़ा जाता, आंदोलन जारी रहेगा।

पुलिस ने संभाली स्थिति, वाहन जब्त — चालक फरार

सूचना मिलते ही बधोरा चौकी प्रभारी बी.एल. बंसल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया और जाम खुलवाने का प्रयास किया।

पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद आरोपी ट्रेलर चालक वाहन को कुछ दूरी पर खड़ा कर मौके से फरार हो गया। ट्रेलर को जब्त कर लिया गया है और चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।


सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने की मांग

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि कोयला परिवहन मार्गों पर वाहनों की गति पर नियंत्रण रखा जाए तथा पुलिस और परिवहन विभाग की निगरानी बढ़ाई जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते रफ्तार और सुरक्षा पर नियंत्रण नहीं किया गया, तो ऐसे हादसे भविष्य में भी दोहराए जा सकते हैं।

Share:

Leave a Comment