enewsmp.com
Home क्राइम सीधी:मानसिक रूप से अस्वस्थ मां ने की मासूम बेटे की हत्या, घर से एक किलोमीटर दूर ले जाकर गला घोंटा

सीधी:मानसिक रूप से अस्वस्थ मां ने की मासूम बेटे की हत्या, घर से एक किलोमीटर दूर ले जाकर गला घोंटा

सीधी(ईन्यूज एमपी)- जिले के सेमरिया थाना क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला ने अपने 8 वर्षीय बेटे की गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात ग्राम कतरी काडी की है, जहां आरोपी मां फूल कुमारी बैगा को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, फूल कुमारी बैगा बीते कई वर्षों से मानसिक रूप से असामान्य बताई जा रही थी। उसके परिवार में दो बेटियां और एक बेटा था। 4 अक्टूबर की शाम से ही वह अपने बेटे आशिक बैगा के साथ लापता थी। अगले दिन दोपहर में जब गांव के चरवाहे पशुओं को चराते हुए पहाड़ी पर पहुंचे, तो वहां बच्चे का शव पड़ा मिला। उन्होंने तत्काल गांव और पुलिस को सूचना दी।

सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया। इसी दौरान आरोपी मां भी मौके पर पहुंची। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने ही अपने बेटे की गला दबाकर हत्या की है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि फूल कुमारी ने अपने बेटे को घर से करीब एक किलोमीटर दूर पहाड़ी पर ले जाकर यह वारदात की। देर रात होने के कारण पोस्टमॉर्टम आज गुरूवार को कराया गया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

चुरहट एसडीओपी आशुतोष द्विवेदी ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला महिला की मानसिक अस्थिरता से जुड़ा प्रतीत होता है। हालांकि, पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है कि यह घटना मानसिक असंतुलन का परिणाम है या इसके पीछे कोई अन्य वजह रही।

Share:

Leave a Comment