enewsmp.com
Home क्राइम चलती ट्रेन में खौफनाक वारदात, मामा-ससुर ने दामाद पर किए 30 से ज्यादा चाकू वार, मौत

चलती ट्रेन में खौफनाक वारदात, मामा-ससुर ने दामाद पर किए 30 से ज्यादा चाकू वार, मौत

चलती ट्रेन में खौफनाक वारदात, मामा-ससुर ने दामाद पर किए 30 से ज्यादा चाकू वार, मौत

जबलपुर। जबलपुर-कटनी रेलखंड पर सोमवार की रात एक खौफनाक घटना ने यात्रियों को दहला दिया। सतना से जबलपुर लौट रही ट्रेन के एस-4 कोच में पारिवारिक विवाद के चलते एक मामा-ससुर ने अपने दामाद पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी। आरोपी घटना के बाद ट्रेन से कूदकर फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार नर्मदापुरम जिले का निवासी 31 वर्षीय शैलेंद्र हांडिया सोमवार को अपनी पत्नी से जुड़े तलाक के मामले की सुनवाई के लिए सतना गया था। उसके साथ उसकी पत्नी का मामा गोविंद रघुवंशी भी था। कोर्ट की कार्यवाही के बाद दोनों एक ही ट्रेन से जबलपुर लौट रहे थे। सिहोरा स्टेशन पार करते ही दोनों के बीच पारिवारिक विवाद इतना बढ़ा कि गोविंद ने गुस्से में आकर चाकू निकाल लिया और शैलेंद्र पर ताबड़तोड़ वार करने लगा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी ने शैलेंद्र पर करीब 30 से अधिक बार चाकू से हमला किया। जब तक अन्य यात्री कुछ समझ पाते, शैलेंद्र लहूलुहान होकर गिर पड़ा। ट्रेन जब जबलपुर स्टेशन पहुंची, तो आरपीएफ ने घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद आरोपी गोविंद ट्रेन से कूदकर फरार हो गया। पुलिस और आरपीएफ की टीमों ने संयुक्त रूप से उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक दोनों परिवारों के बीच काफी समय से विवाद चल रहा था। मृतक की पत्नी ने वर्ष 2022 में तलाक के लिए आवेदन दिया था, लेकिन शैलेंद्र इसके लिए तैयार नहीं था। इसी बात को लेकर तनाव बढ़ा और यात्रा के दौरान यह विवाद खूनी झगड़े में बदल गया।

मामले की जांच सरकारी रेल पुलिस (जीआरपी) कर रही है। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल की मरचुरी में रखा गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

Share:

Leave a Comment