रीवा से दिल्ली तक उड़ान की राह खुली, नवंबर से शुरू होगी नियमित फ्लाइट रीवा(ईन्यूज एमपी)- विंध्यवासियों के लिए खुशखबरी है। अब रीवा से दिल्ली तक सीधी विमान सेवा शुरू होने जा रही है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने एटीआर-72 विमान के संचालन को अंतिम प्रशासकीय स्वीकृति दे दी है। यह उपलब्धि उपमुख्यमंत्री डॉ. राजेन्द्र शुक्ल के सतत प्रयासों का परिणाम है। मंत्रालय के गलियारों से लेकर डीजीसीए की फाइलों तक हर स्तर पर उन्होंने रीवा की आवाज़ बुलंद की, जिसका परिणाम अब “उड़ान” के रूप में सामने आया है। अब रीवा से दिल्ली की दूरी केवल कुछ घंटों की रह जाएगी और विंध्य क्षेत्र को सीधे राजधानी से जुड़ने का नया अवसर मिलेगा। रीवा एयरपोर्ट पर मंगलवार को पहली बार 72 सीटर विमान लैंड होने जा रहा है। यह एक ट्रायल फ्लाइट है। ट्रायल के सफल होने के बाद नवंबर से नियमित उड़ानें शुरू हो जाएंगी। अभी तक यहां से केवल 6 और 12 सीटर विमान ही उड़ान भरते थे, लेकिन अब बड़े विमान की सुविधा मिलने से क्षेत्रवासियों के सपनों को नई उड़ान मिलेगी। रीवा से एलायंस एयरलाइंस 72 सीटर विमान सेवा 28 अक्टूबर से शुरू करने जा रही है। पहले चरण में यह सेवा प्रयागराज होकर रीवा से दिल्ली के बीच संचालित की जाएगी। कंपनी सप्ताह में चार दिन उड़ानें संचालित करेगी। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने रनवे और अन्य सुविधाओं की जांच पूरी कर ली है। ट्रायल के सफल होने के बाद डीजीसीए से अनुमति लेकर टिकट बुकिंग प्रक्रिया शुरू की जाएगी। सूत्रों के अनुसार नवंबर में एलायंस एयरलाइंस अपनी नियमित सेवाएं प्रारंभ कर देगी। खास बात यह है कि विंध्यवासियों को विंध्य का ही लाल दिल्ली तक उड़ान भराएगा। एलायंस एयर की पहली वाणिज्यिक उड़ान के प्रमुख चालक कप्तान क्षितिज गुप्ता होंगे, जबकि प्रमुख समन्वयक (प्रचालन एवं प्रशिक्षक) रीवा निवासी कप्तान राघव मिश्रा होंगे। कप्तान मिश्रा ज्योति उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रीवा के छात्र रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए गौरव की बात है कि वे अपने ही शहर के लोगों को दिल्ली तक उड़ाएंगे। इसके अलावा इंडिगो एयरलाइंस ने भी रीजनल टूरिज्म कान्क्लेव में रीवा से 72 सीटर विमान सेवा शुरू करने की सहमति दी थी। इंडिगो अपने वादे के मुताबिक एक जनवरी 2026 से रीवा से इंदौर और मुंबई के लिए उड़ानें शुरू करेगी। इस सेवा से इंदौर आने-जाने वालों को राहत मिलेगी और व्यापार, पर्यटन तथा स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा मिलेगा। रनवे का अंतिम मुआयना किया जा रहा है और जो भी तकनीकी खामियां हैं, उन्हें दूर करने का कार्य जारी है। एयरलाइंस के संचालन से पहले लैंडिंग ट्रायल आवश्यक होता है, जिसके बाद ही डीजीसीए से अनुमति लेकर सेड्यूल जारी किया जाता है और टिकट बुकिंग आरंभ होती है। रीवा एयरपोर्ट का शुभारंभ 16 सितंबर 2023 को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया था। तब से अब तक लगातार इंफ्रास्ट्रक्चर और प्रशासनिक अनुमतियों की प्रक्रिया जारी रही है। विमान सेवा के शुरू होने से रीवा सहित पूरे विंध्य क्षेत्र को राजधानी दिल्ली और देश के अन्य बड़े शहरों से सीधा संपर्क मिलेगा। यह कदम क्षेत्र के आर्थिक, पर्यटन और सामाजिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा।