enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश हाईटेंशन लाइन से टकराई ओवरलोड मालगाड़ी

हाईटेंशन लाइन से टकराई ओवरलोड मालगाड़ी

हाईटेंशन लाइन से टकराई ओवरलोड मालगाड़ी

अनूपपुर(ईन्यूज एमपी)-सोमवार सुबह अनूपपुर रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा हादसा टल गया। कोयले से भरी एक मालगाड़ी हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गई, जिससे जोरदार धमाका हुआ और चिंगारियां निकलने लगीं। टकराव के बाद बिजली के तार टूटकर पटरी पर गिर गए। सौभाग्य से मालगाड़ी लूप लाइन पर खड़ी थी, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

घटना सुबह करीब 5 बजे की बताई जा रही है। हादसे के बाद रेलकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए मालगाड़ी को प्लेटफॉर्म नंबर 4 के अतिरिक्त यार्ड में खड़ा कर दिया। इस घटना से कई पैसेंजर और मालगाड़ियां प्रभावित हुईं। बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस, रीवा-चिरमिरी एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनें जैतहरी, छुलहा और मौहरी स्टेशनों पर रोकी गईं, जबकि कुछ का रूट डायवर्ट किया गया।

घटना के समय प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर रीवा-चिरमिरी पैसेंजर ट्रेन खड़ी थी। यात्रियों के अनुसार, मालगाड़ी से लंबे समय तक चिंगारियां निकलती रहीं जिससे स्टेशन पर अफरातफरी का माहौल बन गया।

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि मालगाड़ी अंबिकापुर से कोयला लेकर कटनी की ओर जा रही थी। गाड़ी ओवरलोड होकर यार्ड से कैसे निकली, इसकी जांच शुरू कर दी गई है।

फिलहाल लाइन की मरम्मत का काम जारी है। हादसे के चलते बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस को करीब एक घंटे तक जैतहरी स्टेशन पर रोका गया। इसी तरह रीवा-चिरमिरी एक्सप्रेस को भी अनूपपुर में ही एक घंटे तक खड़ा रखना पड़ा, जबकि तीन मालगाड़ियां जैतहरी और अमलई में रोक दी गईं।

रेलवे पीआरओ अंबिकेश साहू ने बताया कि घटना की जानकारी ली जा रही है, विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Share:

Leave a Comment