एनसीएल दुधिचुआ खदान में दर्दनाक हादसा — डोज़र की चपेट में आने से श्रमिक की मौत सिंगरौली। एनसीएल (नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड) की दुधिचुआ कोयला खदान में बीती रात एक बड़ा हादसा हो गया। नियमित ड्यूटी के दौरान डोज़र मशीन की चपेट में आने से एक श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक पुष्पेंद्र सिंह, जो गजराज कंपनी में सुपरवाइज़र के रूप में कार्यरत थे, हादसे के समय डोज़र मशीन के पास नियमित निरीक्षण कार्य कर रहे थे। अचानक मशीन के नीचे आने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। सूत्रों के मुताबिक मृतक मूल रूप से सीधी जिले के निवासी थे, लेकिन लंबे समय से एनसीएल दुधिचुआ प्रोजेक्ट में कार्यरत थे। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, खान सुरक्षा अधिकारी और पुलिस दल मौके पर पहुंचे तथा आवश्यक जांच प्रक्रिया प्रारंभ की गई। फिलहाल हादसे के सटीक कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है। एनसीएल प्रबंधन ने घटना पर दुख जताते हुए कहा है कि दुर्घटना की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय कर्मचारियों के अनुसार, हादसे के बाद कार्य स्थल पर कुछ समय के लिए खदान संचालन रोका गया था। इस घटना ने एनसीएल कर्मचारियों और श्रमिकों में शोक और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।