enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश बजट मिलने के बाद भी काम नहीं करने पर 6 पंचायत सचिव निलंबित

बजट मिलने के बाद भी काम नहीं करने पर 6 पंचायत सचिव निलंबित

बजट मिलने के बाद भी काम नहीं करने पर 6 पंचायत सचिव निलंबित

रीवा। ग्रामीण विकास कार्यों में लापरवाही बरतने पर रीवा कलेक्टर प्रतिभा पाल ने सख्त कार्रवाई करते हुए छह ग्राम पंचायत सचिवों को निलंबित करने के निर्देश दिए हैं। बताया गया कि इन पंचायतों में बजट उपलब्ध होने के बावजूद विकास कार्य प्रारंभ नहीं किए गए थे।

कलेक्टर प्रतिभा पाल ने मंगलवार को जिला पंचायत सभागार में हुई समीक्षा बैठक में कहा कि ग्रामीण विकास कार्यों को प्राथमिकता से पूरा कराया जाए ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि जिन पंचायतों में राशि होने के बाद भी कार्य नहीं हुए हैं, उनके सचिवों के खिलाफ दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।

निलंबन की कार्रवाई सिरमौर जनपद की दुलहरा पंचायत के सचिव मदेनी प्रसाद कोल, राजगढ़ पंचायत के आदर्श पांडेय, रीवा जनपद की अमिरती पंचायत के अनिल चौरसिया, गंगेव जनपद की क्योटी पंचायत के कुवेर सिंह, जवा जनपद की छदहना पंचायत के छेदीलाल विश्वकर्मा और रायपुर कर्चुलियान जनपद की नवागांव पंचायत के सचिव देवेंद्र बहादुर सिंह पर की गई है।

कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि यदि किसी ग्राम पंचायत में सरपंच विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न करते हैं तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई प्रस्तावित की जाए। उन्होंने कहा कि सभी संबंधित अधिकारी अपने कार्यों का निष्ठा से संपादन करें, किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ मेहताब सिंह गुर्जर, जिला प्रबंधक ई-गवर्नेंस आशीष दुबे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Share:

Leave a Comment