enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश रील बनाने के चक्कर में गई मासूम की जान, 36 घंटे बाद भी लापता

रील बनाने के चक्कर में गई मासूम की जान, 36 घंटे बाद भी लापता

रील बनाने के चक्कर में गई मासूम की जान, 36 घंटे बाद भी लापता

शहडोल। सोशल मीडिया पर रील बनाने का शौक 14 वर्षीय बालक की जान पर भारी पड़ गया। शहडोल जिले के सोहागपुर थाना क्षेत्र में रविवार को रील बनाते समय किशोर सोन नदी के तेज बहाव में बह गया। घटना के 36 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है।

जानकारी के अनुसार, अंश (14 वर्ष) निवासी बुढ़ार थाना क्षेत्र अपने कुछ दोस्तों के साथ नवलपुर सोन नदी पुल पर घूमने गया था। दोस्तों ने पुल के एक पत्थर से कपड़े की रस्सी बांधी और नदी के बहाव में उतरकर वीडियो बनाना शुरू किया। इस दौरान अंश भी रस्सी के सहारे नदी में उतरा, लेकिन अचानक उसका हाथ छूट गया और वह तेज बहाव में बह गया।

दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे। घबराकर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही सोहागपुर थाना प्रभारी भूपेंद्र मणि पांडे पुलिस बल और एसडीईआरएफ टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू कराया।

अंश के दोस्तों के मोबाइल में हादसे का 4 सेकंड का वीडियो भी मिला है, जिसके आधार पर पुलिस जांच कर रही है। हालांकि, नदी के तेज बहाव और गहराई के कारण अब तक बालक का पता नहीं चल सका है।

एसडीईआरएफ प्रभारी उप निरीक्षक कोमल सिंह ने बताया कि बचाव टीम ने अब तक लगभग 30 किलोमीटर क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया है, लेकिन सफलता नहीं मिली है। तेज बहाव और उफान के कारण रेस्क्यू कार्य में काफी मुश्किलें आ रही हैं। टीम लगातार सर्च ऑपरेशन जारी रखे हुए है।

इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। स्थानीय लोगों ने कहा कि सोशल मीडिया के अंधे क्रेज ने एक मासूम की जिंदगी लील ली, जो सभी अभिभावकों के लिए एक चेतावनी है।

Share:

Leave a Comment