त्यौंथर पहुंचे मुख्यमंत्री मोहन यादव, विंध्य को दी कई सौगातें – महिला की समस्या सुन कर दिलासा भी दिया रीवा/त्यौंथर। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को रीवा जिले के त्यौंथर पहुंचे, जहां उन्होंने विंध्य क्षेत्र के विकास के लिए कई घोषणाएं कीं और विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने तमस नदी के किनारे रिवर कॉरिडोर बनाने, त्यौंथर सिविल अस्पताल की क्षमता 50 से बढ़ाकर 100 बेड करने, नए आईटीआई भवन निर्माण और 400 एकड़ भूमि पर औद्योगिक प्रक्षेत्र स्थापित करने की घोषणाएं कीं। इसके साथ ही आईओसीजीपीएस रिन्युएबल प्रा. लि. द्वारा 125 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित किए जाने वाले कंप्रेस्ड बायोगैस प्लांट का भूमिपूजन भी किया। कार्यक्रम में दिखी मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता त्यौंथर में कार्यक्रम के दौरान एक भावुक महिला रोते हुए मुख्यमंत्री से मिलने पहुंची। सुरक्षा कर्मियों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन मुख्यमंत्री की नजर पड़ते ही उन्होंने महिला को अपने पास बुलाया। महिला ने आंसुओं के बीच अपनी परेशानी सुनाई। मुख्यमंत्री ने पूरी बात ध्यान से सुनने के बाद मौके पर मौजूद अधिकारियों को समस्या का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए और महिला को सांत्वना देते हुए कहा— “रोना मत बहन, तुम्हारी समस्या दूर हो जाएगी।” “विकास यज्ञ अब रुकेगा नहीं” अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विकास यज्ञ चल रहा है और यह कारवां अब और तेजी से आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि विंध्य क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं रखी जाएगी और विकास परियोजनाओं से यहां की तस्वीर और तकदीर दोनों बदली जाएंगी।