रीवा लोकायुक्त ने रिश्वतखोरी में दर्ज की एफआईआर, महिला बाल विकास विभाग के परियोजना अधिकारी पर आरोप रीवा। रीवा लोकायुक्त पुलिस ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्लॉक महिला एवं बाल विकास विभाग सिरमौर के परियोजना अधिकारी शेषनारायण मिश्रा के खिलाफ रिश्वत मांगने के मामले में एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि परियोजना अधिकारी ने आंगनवाड़ी सहायिका का नियुक्ति पत्र जारी करने के एवज में महिला के पति से 50 हजार रुपए की मांग की थी। फरियादी राहुल सेन ने इस संबंध में रीवा लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। लोकायुक्त एसपी सुनील पाटीदार ने बताया कि शिकायत की प्राथमिक जांच और सत्यापन कराया गया, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद ट्रैप कार्रवाई भी सुनियोजित की गई, हालांकि ऐन मौके पर अधिकारी ने पैसे लेने से इनकार कर दिया। फिर भी शिकायत और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर परियोजना अधिकारी शेषनारायण मिश्रा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।