लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई: तहसील कार्यालय में बाबू रिश्वत लेते गिरफ्तार रीवा/सतना। भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त रीवा संभाग की टीम ने मंगलवार को एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए तहसील कार्यालय रामपुर बघेलान, सतना में पदस्थ बाबू को रंगेहाथ रिश्वत लेते पकड़ लिया। पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त श्री योगेश देशमुख के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई ने तहसील कार्यालय में हड़कंप मचा दिया। क्या है मामला शिकायतकर्ता रामकृष्ण प्रजापति, निवासी ग्राम एरा थाना रामपुर बघेलान, ने 15 सितंबर 2025 को लोकायुक्त कार्यालय रीवा में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके भाई शिवाकांत प्रजापति पर जुलाई माह में थाना रामपुर बघेलान में 170 BNNS के तहत प्रकरण दर्ज हुआ था। इस मामले की पेशियों के दौरान तहसील कार्यालय रामपुर बघेलान के बाबू उपेंद्र पांडे द्वारा हर बार 500 रुपए रिश्वत ली जाती थी। अब तक तीन पेशियों में कुल 1500 रुपए आरोपी द्वारा वसूले जा चुके थे और आगे भी पेशी खत्म करने के लिए रिश्वत मांगी जा रही थी। कैसे हुआ ट्रैप शिकायत की पुष्टि होने पर पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त रीवा, श्री सुनील कुमार पाटीदार के निर्देशन में सत्यापन कराया गया। सत्यापन के दौरान आरोपी उपेंद्र पांडे ने शिकायतकर्ता से 500 रुपए की मांग की। इसके बाद 16 सितंबर को निरीक्षक उपेंद्र दुबे के नेतृत्व में गठित टीम ने तहसील कार्यालय रामपुर बघेलान में आरोपी को रंगेहाथ रिश्वत लेते पकड़ लिया। ट्रैप दल इस कार्रवाई में निरीक्षक संदीप सिंह भदौरिया एवं उनकी टीम सक्रिय रही। आरोपी से रिश्वत की रकम बरामद कर आवश्यक कार्यवाही की जा रही है। लोकायुक्त की सतत कार्रवाई लोकायुक्त कार्यालय रीवा संभाग ने वर्ष 2025 में अब तक 18 ट्रैप कार्यवाही की हैं, जो पंचायत एवं ग्रामीण विकास, राजस्व विभाग, पुलिस, स्कूल शिक्षा एवं आदिम जाति कल्याण विभाग जैसे विभिन्न विभागों से संबंधित हैं। इसके अलावा, इसी वर्ष जिला रीवा और सिंगरौली के तीन मामलों में विशेष न्यायालयों ने आरोपियों को कारावास की सजा सुनाई है।