enewsmp.com
Home विंध्य प्रदेश शहडोल मेडिकल कॉलेज में लेबर रूम में महिला डॉक्टरों के बीच मारपीट, CCTV और वीडियो फुटेज वायरल

शहडोल मेडिकल कॉलेज में लेबर रूम में महिला डॉक्टरों के बीच मारपीट, CCTV और वीडियो फुटेज वायरल

शहडोल मेडिकल कॉलेज में लेबर रूम में महिला डॉक्टरों के बीच मारपीट, CCTV और वीडियो फुटेज वायरल

शहडोल।
बिरसा मुंडा मेडिकल कॉलेज, शहडोल से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जिस लेबर रूम में प्रसव पीड़ा से कराहती महिलाएं सुरक्षित इलाज की उम्मीद लेकर आती हैं, वहीं इंटर्न लेडी डॉक्टरों ने मरीजों के सामने जमकर उत्पात मचाया। हाथापाई और मारपीट की इस घटना ने भर्ती महिलाओं और उनके परिजनों को दहशत में डाल दिया।

शिकायत में गंभीर आरोप

पीड़िता इंटर्न डॉक्टर शिवानी लाखिया ने लिखित शिकायत में आरोप लगाया है कि उसकी सहपाठी इंटर्न डॉक्टर ने बाल पकड़कर उसे जमीन पर पटक दिया, कपड़े फाड़ दिए और जान से मारने की धमकी भी दी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि पूरी घटना नर्सिंग स्टाफ, गार्ड और अन्य मेडिकल कर्मियों के सामने हुई, जिनके नाम गवाहों में दर्ज हैं।

CCTV और वीडियो फुटेज से खुलासा

इस घटनाक्रम का खुलासा लेबर रूम में लगे CCTV कैमरे और एक मोबाइल से रिकॉर्ड किए गए वीडियो से हुआ है। वायरल हो रहे वीडियो में मारपीट और बदसलूकी साफ देखी जा सकती है। वीडियो सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज प्रबंधन से लेकर स्वास्थ्य विभाग तक में हड़कंप मच गया है।

आरोपी इंटर्न पहले भी विवादों में रही

सूत्रों के मुताबिक, आरोपी इंटर्न डॉक्टर का नाम पहले भी कई विवादों में आ चुका है। नफीस बस विवाद और महादेव प्रकरण जैसी घटनाओं में उसका नाम सुर्खियों में रहा है। ताजा मामले में भी आरोप है कि प्रसव कराते समय उसने कैमरा छीनने और बदसलूकी तक की।

कार्रवाई की मांग तेज

पीड़िता और अस्पताल स्टाफ ने आरोपी इंटर्न डॉक्टर को तत्काल निलंबित करने और उसके खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज करने की मांग की है। वहीं, कॉलेज प्रबंधन और पुलिस पर मामले को दबाने के आरोप लग रहे हैं।

सुरक्षा पर उठे सवाल

इस घटना ने मेडिकल कॉलेज की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इलाज कराने आई महिलाओं और उनके परिजनों का कहना है कि जहां जीवन बचाने की जिम्मेदारी है, वहीं डॉक्टरों का हिंसक हो जाना बेहद चिंताजनक है।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन और कॉलेज प्रबंधन पर दबाव बढ़ गया है। अब सबकी नजर जांच और आरोपी पर होने वाली कार्रवाई पर टिक गई है।

Share:

Leave a Comment