सतना में कांग्रेस नेताओं ने रोका शिवराज सिंह का काफिला, खाद संकट और किसानों की समस्याओं को लेकर किया विरोध सतना। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सतना दौरे के दौरान कांग्रेस नेताओं ने उनका काफिला रोक लिया। कांग्रेस जिला अध्यक्ष एवं विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने किसानों को हो रही खाद की कमी समेत अन्य समस्याओं को लेकर उनसे चर्चा की। विधायक कुशवाहा ने बताया कि जिले के किसानों को खाद की उपलब्धता और वितरण में लगातार दिक्कत आ रही है। समय पर खाद न मिलने से फसलों पर बुरा असर पड़ रहा है। किसानों की परेशानी पहले से ही प्राकृतिक आपदाओं और महंगे खेती खर्च से बढ़ी हुई है, ऊपर से खाद का संकट उन्हें और नुकसान पहुँचा रहा है। किसानों पर दर्ज पुराने मुकदमे हटाने की मांग विधायक कुशवाहा ने किसानों पर दर्ज पुराने मुकदमों का मुद्दा भी जोरदार तरीके से उठाया। उन्होंने कहा कि इन मामलों की वजह से किसान मानसिक और आर्थिक दबाव झेल रहे हैं। अगर सरकार किसानों की भलाई चाहती है, तो इन मुकदमों को तुरंत खत्म किया जाना चाहिए। शिवराज बोले – किसानों के हित सर्वोपरि विरोध के बाद शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस नेताओं और किसानों की बात सुनी और भरोसा दिलाया कि वे राज्य सरकार से इस विषय पर चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि “हमारे लिए किसानों के हित सर्वोपरि हैं। हमारी फर्टिलाइजर मिनिस्ट्री राज्य की डिमांड के आधार पर निरंतर खाद की आपूर्ति कर रही है। आज भी 1500 मीट्रिक टन खाद पहुंचा है और आगे भी आपूर्ति जारी रहेगी।” सरकार को आंदोलन की चेतावनी मुलाकात के दौरान विधायक कुशवाहा ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने किसानों की समस्याओं पर ठोस कदम नहीं उठाए, तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों के हितों की अनदेखी अब और बर्दाश्त नहीं की जाएगी।