नई दिल्ली (ईन्यूज़ एमपी): देश के मशहूर पत्रकार मनोज मनु को हाल ही में डॉक्टरेट (PhD) की उपाधि से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उनके दशकों लंबे पत्रकारिता करियर और मीडिया जगत में उनके महत्वपूर्ण योगदान को देखते हुए दिया गया है। इस विशेष अवसर पर आयोजित समारोह में उन्हें पारंपरिक तरीके से सम्मानित किया गया, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। सोशल मीडिया पर दी जानकारी: मनोज मनु ने अपने फेसबुक अकाउंट के माध्यम से इस खुशी को साझा करते हुए लिखा, "मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि मैंने पिछले सप्ताह सफलतापूर्वक अपना पीएचडी पूरा कर लिया है। बेशक, कोई भी सफलता व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं होती। मैं उन सभी का आभारी हूँ जिन्होंने इस यात्रा में मेरी मदद की।" समारोह में गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति: इस सम्मान समारोह में कई प्रतिष्ठित हस्तियां शामिल हुईं, जिनमें राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) के सदस्य प्रियांक कानूनगो, हिमाचल प्रदेश के तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी और कुलाधिपति विवेक सिंह प्रमुख रूप से उपस्थित थे। सभी ने मनोज मनु की उपलब्धि की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। मनोज मनु: एक अनुभवी पत्रकार की यात्रा ग्वालियर, मध्य प्रदेश के निवासी मनोज मनु ने अपनी पत्रकारिता यात्रा की शुरुआत हिंदी दैनिक 'स्वदेश' से की। इसके बाद उन्होंने 'दैनिक भास्कर' में काम किया, जहाँ उन्होंने कई महत्वपूर्ण रिपोर्टिंग कीं। उनकी विश्लेषणात्मक क्षमता और निष्पक्ष रिपोर्टिंग ने उन्हें जल्द ही प्रमुख पत्रकारों की श्रेणी में ला दिया। 2003 में दिल्ली आने के बाद, उन्होंने 'सहारा समय' में अपनी नई पारी की शुरुआत की और वहां उनके कार्य कौशल को देखते हुए उन्हें सहारा समय मध्य प्रदेश छत्तीसगढ़ का चैनल हेड का दायित्व दे दिया गया। तकरीबन 2015 में सहारा समय न्यूज़ चैनल में उनका प्रमोशन हुआ और समूह संपादक के रूप में कार्यभार संभाला। यहाँ उन्होंने छह अलग-अलग चैनलों की जिम्मेदारी निभाई और अपनी नेतृत्व क्षमता का प्रदर्शन किया साथ ही सहारा समय न्यूज़ चैनल में उन्होंने तकरीबन दो दशक का समय दिया। इसके बाद उन्होंने पश्चिम बंगाल की मीडिया कंपनी 'आरपी टेलीविजन' के लिए संपादक के रूप में काम किया, जो 'कोलकाता टीवी' समेत कई चैनल संचालित करती है। iTV नेटवर्क में अहम भूमिका: स्वास्थ्य कारणों से नौ महीने के ब्रेक के बाद, उन्होंने सितंबर 2022 में iTV नेटवर्क में कार्यकारी संपादक के रूप में वापसी की। वर्तमान में वे इंडिया न्यूज़ मध्य प्रदेश-छत्तीसगढ़ के चैनल हेड और राष्ट्रीय इंडिया न्यूज़ के कार्यकारी संपादक तथा एंकर के रूप में अपनी सेवाएँ दे रहे हैं। आपको बता दें कि उनकी पत्रकारिता की शैली में गहराई और निष्पक्षता रही है, जो उन्हें अन्य पत्रकारों से अलग बनाती है। विशेष रिपोर्टिंग और उपलब्धियाँ: मनोज मनु ने अपने करियर में कई महत्वपूर्ण राजनीतिक, सामाजिक और अंतरराष्ट्रीय घटनाओं की रिपोर्टिंग की है। उनकी विशेष रिपोर्टिंग में लोकसभा और विधानसभा चुनाव कवरेज, प्रमुख घोटालों की इन्वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग, और अंतरराष्ट्रीय मामलों की गहन समीक्षा शामिल है। इसके अलावा, वे एक कुशल कार्टूनिस्ट भी हैं, जो उनकी रचनात्मकता को दर्शाता है। आपको बता दें कि डॉक्टरेट की उपाधि मिलने के बाद सोशल मीडिया पर उनके प्रशंसकों, पत्रकार साथियों और मित्रों ने उन्हें बधाइयाँ दीं। यह सम्मान उनके पत्रकारिता जगत में उत्कृष्ट योगदान और सत्य की खोज में समर्पण को दर्शाता है। उनकी उपलब्धि से युवा पत्रकारों को प्रेरणा मिलेगी और मीडिया जगत में उनकी प्रतिष्ठा और भी बढ़ेगी।