सिवनी (ईन्यूज एमपी)-सिवनी जिले के धोबी सर्रा सर्किल के गोडेगांव में बाघ की दहशत से क्षेत्रवासी काफी परेशान हैं। रविवार को बाघ ने दो लोगों पर हमला कर दिया। इसमें एक शख्स चुन्नीलाल पटले की मौत हो गई। एक अन्य अन्य घायल हो गया है। जिसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरघाट में भर्ती कराया गया है। जहां उसका उपचार किया जा रहा है। घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने वन अमले और पुलिस विभाग को दी। इसके बाद पुलिस बल और वन अमला भी मौके पर पहुंचा। जहां पूरे घटनाक्रम की जांच की जाएगी। फिलहाल मौके पर लोगों का हुजूम लगा हुआ है। इस घटना से जहां क्षेत्र मे सनसनी का माहौल है। वहीं क्षेत्र वासी काफी आक्रोश में है। ग्रामीणों ने कहा कि घटनास्थल से कुछ दूरी पर तुअर के खेत के आसपास बाघ छिपा है। इसके बारे में वन विभाग के अधिकारियों को जानकारी दे दी है। बाघ को देखने के लिए बहुत सारे लोग मौके पर पहुंच गए है। पुलिस और वन विभाग की टीम लोगों को समझाइश दे रही है।