enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश सीएम शिवराज से मिले मास्‍टर ब्‍लास्‍टर सचिन तेंडुलकर......

सीएम शिवराज से मिले मास्‍टर ब्‍लास्‍टर सचिन तेंडुलकर......

भोपाल(ईन्यूज एमपी)- मप्र के अल्‍प प्रवास पर आए देश के महानतम क्रिकेटर और 'भारत रत्‍न' से सम्‍मानित मास्‍टर ब्‍लास्‍टर सचिन तेंडुलकर ने राजधानी में मुख्‍यमंत्री आवास पर पहुंचकर सीएम शिवराज सिंह चौहान से सौजन्‍य भेंट की। मंगलवार देर रात हुई इस मुलाकात के दौरान तेंडुलकर ने उन्‍हें अपने फाउंडेशन द्वारा मध्यप्रदेश में किए जा रहे विभिन्न कार्यों की जानकारी दी। मास्‍टर ब्‍लास्‍टर सीहोर जिले में भ्रमण के बाद मुख्यमंत्री शिवराज से निवास पर भेंट करने पहुंचे थे। सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन मप्र में 'परिवार फाउंडेशन' नामक एक स्‍वयंसेवी संस्‍था के साथ मिलकर काम कर रहा है।
मुख्यमंत्री शिवराज ने सचिन से कहा कि प्रदेश में उनके फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे अच्छे कार्यों में राज्य सरकार पूरा सहयोग करेगी। जो भी जरूरत होगी, उसमें जिला प्रशासन का सहयोग दिलाया जाएगा। सरकार उनके साथ मिलकर कार्य करेगी। मुख्यमंत्री ने मास्‍टर ब्‍लास्‍टर द्वारा क्रिकेट के क्षेत्र में दिए गए योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि युवाओं को क्रिकेट के लिए प्रेरित करने में उनका योगदान सराहनीय है। पूरा देश आपका दिल से सम्मान करता है। देश के लिए खेलना गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि ग्वालियर में दक्षिण अफ्रीका के विरूद्ध मैच में आपने दोहरा शतक बनाकर सभी का दिल जीत लिया था। मास्‍टर ब्‍लास्‍टर ने 16 नवम्बर, 2013 को अंतरराष्‍ट्रीय क्रिकेट से सन्यास ले लिया था।


इस अवसर पर मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि अप्रैल माह में संदलपुर में क्रिकेट टूर्नामेंट के आयोजन के दौरान मास्‍टर ब्‍लास्‍टर सचिन तेंडुलकर को आमंत्रित किया जाएगा। इस अवसर पर खेल विभाग के प्रमुख सचिव गुलशन बामरा, संचालक जनसंपर्क आशुतोष प्रताप सिंह भी उपस्थित थे।

Share:

Leave a Comment

समान समाचार