बड़वानी(ईन्यूज एमपी)- मध्य प्रदेश के सेंधवा शहर में गरबे के दौरान विवाद हो गया। इस दौरान दो पक्षों में पथराव भी हुआ। इसके बाद धारा 144 लागू कर दी गई है।जानकारी के अनुसार शहर के मोती बाग क्षेत्र में बुधवार रात गरबा आयोजन के दौरान दो पक्षों में पथराव हो गया। जिसमें 2 लोगों के मामूली घायल होने की जानकारी सामने आ रही है। सूचना के बाद प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस अधिकारी सहित पुलिस बल क्षेत्र में तैनात हो गया है। फिलहाल मामला नियंत्रण में है। पुलिस के अनुसार बुधवार रात 10:30 बजे के करीब मोती बाग गली नंबर 5 में गरबे के दौरान किसी बात को लेकर दो पक्षों में पथराव हो गया। सूचना मिलते ही शहर थाना प्रभारी बलदेव सिंह मुजाल्दा, ग्रामीण थाना प्रभारी विकास कपीस और एसडीएम तपस्या परिहार मौके पर पहुंचे हैं। क्षेत्र में पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल पुलिस मामले में लोगों से पूछताछ कर रही है। सूचना के बाद एसपी दीपक कुमार शुक्ला भी शहर पहुंच गए। समझाइश देने के दौरान अधिकारियों और पुलिसकर्मियों पर भी पथराव किया गया। कोई घायल नहीं हुआ। इसके बाद पूरे सेंधवा शहर में धारा 144 लगाई गई सेंधवा शहर में 144 का अनाउंसमेंट पुलिस द्वारा किया गया। एसपी दीपक शुक्ला ने बताया कि शुरुआत में दो बच्चों में विवाद हुआ था। जिसके बाद बड़ों में विवाद हुआ और पथराव हो गया। 2 लोगों के घायल होने की बात सामने आ रही है। आगामी त्योहारों को देखते हुए पूरे सेंधवा शहर में धारा 144 लगाई गई है। एसपी ने लोगों से शांति व्यवस्था कायम करने की अपील की है। शहर में धारा 144 लगने के बाद एसपी दीपक कुमार शुक्ला, एसडीएम तपस्या परिहार पुलिस बल के साथ शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में भ्रमण कर जायजा ले रहे हैं।