enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश सिंधिया समर्थक पूर्व मंत्री व विधायक दे रहे मप्र भाजपा मुख्यालय में हाजिरी

सिंधिया समर्थक पूर्व मंत्री व विधायक दे रहे मप्र भाजपा मुख्यालय में हाजिरी

भोपाल (ईन्यूज एमपी)-पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के साथ कांग्रेस और मंत्री-विधायक पद छोड़कर भाजपा का दामन थामने वाले नेताओं ने यहां मध्य प्रदेश भाजपा मुख्यालय में अपनी आमद बढ़ा दी है। उपचुनाव नजदीक आते देख ये नेता भी पार्टी पदाधिकारियों से नजदीकियां बढ़ाने लगे हैं। मंत्री तुलसी सिलावट के समर्थकों के भाजपा में प्रवेश के बाद शनिवार को पूर्व मंत्री डॉ. प्रभुराम चौधरी के समर्थकों ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने उन्हें सदस्यता दिलाई।

मुख्यमंत्री व प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित दल है। हम मिलकर संगठन को और मजबूत करेंगे। आप सभी लोग पूरी ताकत से सांची विधानसभा को विजयी बनाने में जुटें। 200 कार्यकर्ता पहुंचे कार्यालय भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सांची विधानसभा व रायसेन नगर व ग्रामीण क्षेत्रों के करीब 200 कार्यकर्ताओं ने शारीरिक दूरी का पालन करते हुए भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर पूर्व मंत्री चौधरी एवं रामपाल सिंह विशेष रूप से उपस्थित थे।

बड़े लक्ष्य के लिए परिवर्तन

मुख्यमंत्री इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने कहा, 'कमल नाथ सरकार के दौरान वल्लभ भवन (मंत्रालय) दलालों का अड्डा बन गया था। कांग्रेस सरकार का सिर्फ एक काम था किसी तरह लूट खसोट की जाए। 15 महीने के कार्यकाल में हजारों करोड़ के घोटाले करने वाली कमल नाथ सरकार ने गरीबों के हक पर डाका डालने का काम किया।

जनता की भलाई के लिए सिंधियाजी और उनके समर्थक विधायकों ने त्याग की मिसाल पेश की। प्रदेश को बचाने के लिए त्याग का अनुपम उदाहरण डॉ. प्रभुराम चौधरी ने पेश किया। उन्होंने मंत्री पद त्यागकर सत्य का साथ दिया। बड़े लक्ष्य के लिए मप्र में परिवर्तन हुआ। जिस तरह दूध में शकर मिल जाती है ठीक वैसे ही हम मिलकर काम करेंगे।

Share:

Leave a Comment

समान समाचार