सीधी (ईन्यूज एमपी)-मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सीधी द्वारा विकासखण्ड सीधी के ग्राम भेलकी एवं करगिल का भ्रमण किया गया। भ्रमण के दौरान ग्राम भेलकी में निर्माणाधीन गौशाला के कार्य की प्रगति का अवलोकन करते हुये मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा उपस्थित अधिकारी एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। उपस्थित स्व सहायता समूह की महिलाओं से चर्चा उपरान्त गौशाला संचालन की जिम्मेदारी म.प्र. डे-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन अन्तर्गत गठित स्व सहायता समूह को देने हेतु निर्देशित किया गया। इस दौरान जिला परियोजना प्रबंधक म.प्र. डे-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन सीधी, श्री संजय चौरसिया द्वारा बताया गया कि ग्राम भेलकी में 05 स्व सहायता समूहों का गठन किया जाकर आर.एफ. की राशि प्रदाय की जा चुकी है। वहॉ पर उपस्थित कृषि सखी श्रीमती पूजा रजक द्वारा जैविक कीटनाशक, जैविक खाद एवं जैविक खेती के बारे में मुख्य कार्यपालन अधिकारी महोदय को संक्षेप में बताया गया। ग्राम करगिल में कृषि सखी के यहॉ जैविक तरीके एवं श्री विधि से उगाई हुयी धान की खेती एवं भू-नाडेप का अवलोकन किया गया। उपस्थित प्रभारी जिला प्रबंधक ( कृषि ) विजय गोस्वामी द्वारा बताया गया कि जिले में कृषि सखियों को उन्नत कृषि तकनीकि एवं जैविक खेती के बारे में प्रशिक्षण दिया जाकर कृषि सखियों के माध्यम से स्व सहायता समूह सदस्यों के यहॉ उन्नत एवं जैविक खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। भ्रमण के दौरान गतिविधियों के अवलोकन उपरान्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत सीधी द्वारा उपस्थित विकासखण्ड प्रबंधक श्रीमती शोभा सिंह एवं ग्राम प्रभारी श्रीमती अनामिका मिश्रा को निर्देशित किया कि स्व सहायता समूह सदस्यों को मनरेगा योजना अन्तर्गत खेत तालाब, मेढ़ बंधान, कपिल धारा, पशु सेड आदि से भी लाभान्वित करने का प्रयास किया जाये।