enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश वाटर पार्क के कमरे में संदिग्ध अवस्था में मिले पति-पत्‍नी और जुड़वां बच्‍चों के शव.....

वाटर पार्क के कमरे में संदिग्ध अवस्था में मिले पति-पत्‍नी और जुड़वां बच्‍चों के शव.....

इंदौर(ईन्यूज एमपी)- खुड़ैल क्षेत्र स्थित वाटर पार्क में सॉफ्टवेयर इंजीनियर, उनकी पत्नी और उनके दो जुड़वा बच्चों के शव मिले। दंपती एक दिन पहले ही बच्चों के साथ वहां घूमने गए थे। गुरुवार शाम तक भी जब कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो वाटर पार्क प्रबंधन ने दूसरी चाबी से दरवाजा खोला। भीतर सभी के शव पड़े देख पुलिस को सूचना दी। पुलिस के अनुसार डीबी सिटी में रहने वाले सॉफ्टवेयर इंजीनियर अभिषेक सक्सेना (45), पत्नी प्रीति सक्सेना (42), उनके जुड़वां बच्चे अद्वैत (14) और अनन्या (14) के शव क्रिसेंट वाटर पार्क के कमरे में मिले। दंपती ने ऑनलाइन रूम बुक करवाया था।

पुलिस के अनुसार परिवार ने बुधवार रात दस बजे अंतिम बार पानी की बोतल बुलवाई थी। उसके बाद से न कमरे से कोई बाहर आया और न ही कुछ मंगवाया। जब गुरुवार दोपहर बाद तक कोई हलचल नहीं हुई तो वाटर पार्क प्रबंधन ने पहले दरवाजा खटखटाकर खुलवाने का प्रयास किया। जब कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो दूसरी चाबी से दरवाजा खोला।

भीतर बच्चों और दंपती के शव देखकर तुरंत खुड़ैल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने घटनास्थल की जांच की तो शवों के पास जहरीला पदार्थ रखा मिला। प्रारंभिक जांच में संभावना जताई जा रही है कि यही पदार्थ खाने से उनकी मौत हुई होगी। एफएसएल टीम ने भी मौके पर जांच पड़ताल की। फिलहाल आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका।

Share:

Leave a Comment

समान समाचार