भोपाल(ईन्यूज एमपी)- ईंटखेड़ी इलाके में बाइक सवार दंपती को शनिवार देर रात एक ट्रक ने टक्कर मार दी। इसमें पति की मौत हो गई और पत्नी को नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के समय दंपती रक्षाबंधन के लिए बच्चों के कपड़े और अन्य सामान खरीदकर घर लौट रहे थे। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। जानकारी के अनुसार ग्राम मानकुंड नजीराबाद निवासी 30 वर्षीय सौदान सिंह पिता नंदलाल अपनी पत्नी मथुराबाई के साथ बाइक से शनिवार को खरीदारी करने भोपाल आया था। वे रक्षाबंधन के लिए बच्चों के कपड़े और अन्य सामान खरीदने के बाद रात में घर लौट रह थे। जब वे ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र के गोलखेड़ी मोड़ पर पहुंचे तभी एक ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। बाइक समेत दंपती उस ट्रक में फंस गए थे। करीब दस फीट तक घिसटने के बाद सौदान के शरीर का एक तरफ का हिस्सा ट्रक की चपेट में आ गया था। वहीं मथुराबाई सड़क किनारे गिर गई। उसे भी गंभीर चोट लगी। नाजुक हालत में सौदान को हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। देर रात को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं मथुराबाई को ईंटखेड़ी में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत स्थिर बनी हुई है।