बैतूल(ईन्यूज एमपी)- यहां गुरुवार को पानी भरने को लेकर हुए विवाद में एक महिला को केरोसीन डाल जला दिया। महिला 95 फीसदी जल गई है। हालत गंभीर होने पर उसे भोपाल रेफर किया गया। मामले में पीड़िता की सास, ससुर, देवरानी और दो देवर के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है पुलिस ने बताया कि बडोरा कृष्णा नगर निवासी द्वारका बाई साहू (40 ) को सुबह केरोसिन डालकर जलाया गया। पीड़िता ने अपनी सास, ससुर, देवरानी और दो देवर पर केरोसीन डालकर जलाने काआरोप लगाया। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित महिला और आरोपी पक्ष के लोग एक साथ रहते थे। कुछ महीने पहले हुए बंटवारे के बादअलग हुए। बंटवारे में पीड़िता के हिस्से में सेप्टिक टैंक आया और आरोपी पक्ष के हिस्से में पानी का नल आया। आरोपी पक्ष द्वारा पीड़ित पक्ष को नल से पानी नहीं भरने दिया जा रहा था, वहीं सेप्टिक टैंक का उपयोग पीड़ित पक्ष के द्वारा आरोपी पक्ष को नहीं करने दिया जा रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद था। महिला नल में पानी भरने गई तो आरोपी पक्ष ने कर दिया हमला गुरुवार सुबह जब महिला पानी भरने के लिए नल पर गई तो विवाद हो गया। आरोपी पक्ष के लोग भी सेफ्टी टैंक तोड़ने पहुंच गए। विवाद इतना बढ़ा कि द्वारका बाई को सास, ससुर, देवरानी, देवर ने मिलकर केरोसिन डालकर जला दिया। इस दौरान आरोपियों ने महिला के पति और बेटी को कमरे में बंद कर दिया था। पुलिस ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर आरोपी देवर राजेंद्र साहू ,भोला साहू ,ससुर भादिया साहू, सास रामरति बाई, देवरानी लल्ली बाई साहू पर धारा 307 का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।