enewsmp.com
Home मध्य प्रदेश पत्नी की मौत के बाद पति ने लगाई फांसी.....

पत्नी की मौत के बाद पति ने लगाई फांसी.....

भिलाई(ईन्यूज एमपी)-बीमार पत्नी की मौत के बाद गम में डूबे एक वृद्ध ने खुद भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पत्नी की महीने भर पहले ही मौत हुई थी। इसके बाद से वह अवसाद में था। बुधवार की दोपहर वो घर के बिना बताए निकल गया। परिजन उसकी पतासाजी में जुटे रहे और गुरुवार की सुबह उसकी लाश मिली। भिलाई नगर पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की है।

पुलिस के मुताबिक तालपुरी कॉलोनी निवासी लेखराम साहू (68) ने कॉलोनी के ही पंप हाउस की सीढ़ी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक कॉलोनी में अपने बेटे वेद साहू के साथ रहता था। पुलिस ने बताया कि मृतक की पत्नी धनमंत बाई का बीते 16 मई को निधन हो गया था। इसके बाद से वो अवसाद में था। बुधवार दोपहर करीब तीन बजे वो घर से निकल गया और शाम तक वापस नहीं लौटा। उसके बेटे ने सेक्टर-1 और खमतराई में रहने वाले अपने भाइयों से पिता के बारे में पतासाजी की। कोई जानकारी न मिलने पर थाने में सूचना दी। गुरुवार की सुबह कॉलोनी के लोगों ने उसकी लाश को देखा। मृतक ने सीढ़ी के ग्रिल में रस्सी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। मृतक सेवानिवृत्त एचएससीएल कर्मी था।

Share:

Leave a Comment

समान समाचार